झारखंड के सरकारी विभागों में 30-40 प्रतिशत कमीशनखोरी का आरोप, पूर्व सांसद ने दी आंदोलन की चेतावनी
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने हजारीबाग में पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण विकास सहित कई सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का ...और पढ़ें

पूर्व सांसद मेहता ने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। जागरण
HighLights
पूर्व सांसद मेहता ने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। अखिल भारतीय किसान सभा एवं झारखंड राज्य विस्थापित संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष सह पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने राज्य के सरकारी कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है।
मंगलवार को हजारीबाग परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण विकास विभाग, जिला परिषद, विशेष प्रमंडल, भवन प्रमंडल तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग समेत कई विभागों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पूरे झारखंड में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।
भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने आरोप लगाया कि कई विकास योजनाओं में प्राक्कलित राशि से 30 से 40 प्रतिशत कम दर पर निविदा स्वीकृत होने के बावजूद कथित कमीशनखोरी का दबाव बनाया जाता है। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और विकास योजनाओं की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रेस वार्ता में झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन कुमार, निजाम अंसारी एवं गयानाथ पांडेय उपस्थित थे।
कोनार जलापूर्ति योजना में एलएनटी की कार्यशैली पर सवाल
पूर्व सांसद ने कोनार जलापूर्ति योजना के कार्यान्वयन में लगी कंपनी एलएनटी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
निर्धारित समय सीमा में काम पूरा नहीं होने के बावजूद योजना की प्राक्कलित राशि और कार्य अवधि बढ़ाए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर अनियमितता मिलने पर संबंधित कंपनी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
शहर की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में कई जगह कचरे का अंबार लगा है। निगम प्रशासन सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने में गंभीरता दिखाए। वहीं, छठ महापर्व की धार्मिक आस्था से जुड़े हजारीबाग झील में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनाए जाने के निर्णय पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़े झील जैसे वैकल्पिक स्थान का चयन किया जा सकता था। इससे पर्यटन विकास के साथ झील की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलता तथा छठ घाट की धार्मिक महत्ता प्रभावित नहीं होती।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।