Jharkhand: बुझ गया घर का इकलौता चिराग, मासूम पर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, बुरी तरह झुलसने से मौत
झारखंड के हजारीबाग स्थित कटकमदाग के कुसुम्भा गांव में मंगलवार को छह वर्षीय प्रियांशु पर 11 हजार वोल्ट करंट प्रवाहित बिजली का तार गिर गया। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। चिकित्सकों ने बताया कि उसके शरीर के कई अंग बुरी तरह झुलस गए थे।
हजारीबाग, संवाद सहयोगी। झारखंड के हजारीबाग स्थित कटकमदाग के कुसुम्भा गांव में मंगलवार को छह वर्षीय प्रियांशु पर 11 हजार वोल्ट करंट प्रवाहित बिजली का तार गिर गया। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। अंतत: इलाज के दौरान रांची रिम्स में बच्चे की मौत हो गई।
घर का इकलौता पुत्र था प्रियांशु
बच्चे के पिता रंजीत शर्मा का पहले ही निधन हो चुका है। मां मजदूरी कर जीवन यापन करती है। प्रियांशु अपने घर का इकलौता पुत्र था। वहीं इस घटना के बाद उसकी जान बचाने के लिए लोग आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया। सोमवार शाम करीब सात बजे बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना सुबह करीब दस बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, प्रियांशु घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच 11 हजार वोल्ट का हाइटेंशन तार टूट कर गिर गया। करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से प्रियांशु बुरी तरह झुलस गया। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक को दी। इसके बाद बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। सूचना के बाद रंजन चौधरी ने तुरंत सर्जरी और ऑर्थोपेडिक सर्जन को बुलाकर बच्चे को दिखाया।
शरीर के कई अंग बुरी तरह झुलसे
चिकित्सकों ने बताया कि प्रियांशु करंट से बुरी तरह झुलस गया था। उसके पैर, हाथ और शरीर के कई अभिन्न अंग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। करीब 70 प्रतिशत तक जल चुका था। उधर, घटना के बाद मां का बुरा हाल है। आस-पास के लोग भी दुखी हैं, मां को समझ में नहीं आ रहा कि अब वह क्या करे।