केरेडारी में युवक की मौत, लोगों ने किया सड़क जाम
केरेडारी प्रखंड से हजारीबाग मुख्य मार्ग में लिखलाही घाटी के समीप अनियंत्रित हाइवा ने मो
केरेडारी : प्रखंड से हजारीबाग मुख्य मार्ग में लिखलाही घाटी के समीप अनियंत्रित हाइवा ने मोटर साइकिल सवार युवक उपेन्द्र यादव को चपेट में ले लिया। इसके बाद घायल युवक को इलाज के लिए रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मौत हो गई। मृतक केरेडारी थाना क्षेत्र के देवरीया खुर्द निवासी कोमल यादव का पुत्र है। जानकारी के अनुसार मृतक उपेन्द्र यादव अपने मोटर साइकिल से हजारीबाग जा रहा था। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे त्रिवेणी सैनिक माइंस से कोयला ढुलाई कर रहे हाइवा ने मोटर साइकिल सवार को चपेट में ले लिया। इसमें युवक बुरी तरह से घायल हो गया। वहीं दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन को छोड़ भाग निकला। ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को इलाज के लिए हजारीबाग ले जाया गया। हजारीबाग से रांची ले जाने के क्रम में युवक की मौत हो गई।
युवक की मौत पर केरेडारी देवरिया खुर्द के ग्रामीणों ने पीड़ित परिजनों के साथ त्रिवेणी सैनिक माइंस देवरीया खुर्द माइंस पेट्रोल टंकी के समीप मुआवजा, नौकरी की मांग को लेकर हाइवा परिचालन मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण एक करोड़ मुआवजा व नौकरी की मांग कर रहे थे।