जंगल काट कर हो रहा अवैध निर्माण, सीओ ने लगाई रोक
हजारीबाग वन विभाग के नाक के नीचे सुरक्षित क्षेत्र कनहरी में अवैध निर्माण जोरों से कराया
हजारीबाग : वन विभाग के नाक के नीचे सुरक्षित क्षेत्र कनहरी में अवैध निर्माण जोरों से कराया जा रहा है। अवैध जमाबंदी के आधार पर दिन दहाड़े जंगल को काट कर चारदीवारी और घर का निर्माण किया जा रहा है। सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद शुक्रवार को सीओ सदर बालेश्वर राम ने निर्माण स्थल पर जाकर काम करने पर रोक लगा दी है। निर्माणकर्ता को 144 के तहत नोटिस जारी करते हुए अंचल में कागजात पेश करने का निर्देश दिया गया है। 144 के तहत कार्रवाई की सूचना संबंधित थाने को भी उपलब्ध कराया गया है। कनहरी के जंगलों में जानकारी के मुताबिक अवैध जमाबंदी कर करीब 15 घर बनाए जा रहे हैं। पूरे मामले में घर बना रहे सभी लोगों की जांच का आदेश भी सीओ ने दिया है। दैनिक जागरण को बताया कि ऐसे सभी घर जिसका निर्माण किया जा रहा है। सभी की जांच होगी। बताया कि यह जमीन वन विभाग की गैर मजरुवा और खास है। विभाग ऐसे सभी जमाबंदी रद करने की अनुशंषा की जा रही है। जिसे अवैध हेराफेरी कर बनाया गया है। ज्ञात हो कि एनएच बाईपास तैयार होने के बाद इससे सटे 200 मीटर दूर जंगलों में बड़े पैमाने पर पेड़ काट कर चारदीवारी कर जमीन पर कब्जा जमाया जा रहा है। यह सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमा जांच में जुट गया है।