हजारीबाग के पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा का निधन, 90 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है, उन्होंने जनसेवा में अहम भूमिका निभाई।

पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा का निधन। जागरण
HighLights
पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा का 90 वर्ष की आयु में निधन।
उन्होंने 1996 में हजारीबाग लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया था।
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा का बुधवार की रात 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन को हजारीबाग की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान बनाई। उनके निधन पर वर्तमान सांसद मनीष जायसवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक जताया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने उनके आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पार्टी का ध्वज ओढ़ाया और श्रद्धांजलि अर्पित की। सदर विधायक प्रदीप प्रसाद सहित भाजपा के जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष व कई नेताओं ने उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक योगदान को याद किया।
राजनीतिक क्षेत्र में बनाई खास पहचान
महावीर लाल विश्वकर्मा का राजनीतिक सफर कई महत्वपूर्ण पड़ावों से होकर गुजरा। राजनीति के क्षेत्र में उन्होंने एक खास पहचान बनाई। सरल व्यक्तित्व के धनी महावीर लाल विश्वकर्मा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता थे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे। राजनीति में आने से पहले वे शिक्षक एवं शिक्षाविद् के रूप में कार्यरत थे। संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने अपनी राजनीतिक पहचान बनाई।
वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें हजारीबाग संसदीय सीट से उम्मीदवार बनाया। उन्होंने चुनाव में जीत दर्ज कर 11वीं लोकसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वे मई 1996 से मार्च 1998 तक सांसद रहे। इस दौरान उन्होंने संसद में हजारीबाग का प्रतिनिधित्व किया। लोकसभा सदस्य रहने के अलावा वे बिहार विधान परिषद के सदस्य भी रहे। उनका राजनीतिक जीवन और सार्वजनिक योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।