Move to Jagran APP

हजारीबाग जिला परिषद अध्यक्ष के देवर को गोली मारी, हालत गंभीर

firing. झारखंड में हजारीबाग जिला परिषद अध्यक्ष के देवर को गोली मारने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Sachin MishraEdited By: Published: Thu, 24 Jan 2019 06:56 PM (IST)Updated: Thu, 24 Jan 2019 06:56 PM (IST)
हजारीबाग जिला परिषद अध्यक्ष के देवर को गोली मारी, हालत गंभीर
हजारीबाग जिला परिषद अध्यक्ष के देवर को गोली मारी, हालत गंभीर

संवाद सूत्र, बड़कागांव (हजारीबाग)। जिला परिषद अध्यक्ष सुशीला देवी के देवर उमेश साव व उसके मित्र सिकंदर साव पर गुरुवार की शाम करीब चार बजे अपराधियों ने हमला कर दिया। ताबड़तोड़ हुई फायरिंग में दोनों को करीब पांच से छह गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत देखते हुए दोनों को तत्काल हजारीबाग के आरोग्यम अस्पताल से रांची के रिम्स अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। घटना बड़कागांव के लंगातू कोल साइट की है।

loksabha election banner

एनटीपीसी की आउटसोर्सिंग कंपनी त्रिवेणी सैनिक में उमेश अपने मित्र के साथ गुरुवार को कुछ काम का पेमेंट लेने आए थे। इसी दौरान लौटने के क्रम में साइट के गेट पर कार में बैठने के दौरान बाइक से पहुंचे अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि दो मोटरसाइकिल से चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद अपराधी फरार हो गए। कंपनी साइट पर ही घटनास्थल से 200 मीटर दूर एसएसबी का कैंप भी है। ऐसे में पुलिस को चुनौती देते हुए अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। इस पूरी घटना को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना को स्वचालित हथियार से अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस ने खोखा भी बरामद किया है। वहीं, दूसरी ओर देवर को गोली लगने की सूचना पर जिप अध्यक्ष सुशीला देवी अस्पताल पहुंची थी। उन्होंने बताया कि वे इस घटना से बेहद दुखी हैं। उनका पूरा परिवार निशाने पर है। वहीं चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद गोली निकाली गई है। सिकंदर के फेफड़े में एक गोली फंसी हुई है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बेहतर चिकित्सा के लिए दोनों को रांची रेफर किया गया है। 

पति पर हो चुका है गंभीर हमला, अब तक इलाजरत

जिप अध्यक्ष के पति लखन साव और उनके परिवार पर यह तीसरा हमला है। इससे पूर्व दोनों हमले पति लखन साव पर हुए थे। दो मई 2017 को शहर के सरदार चौक पर एके-47 से हमला किया गया था। इसमें लखन साव को कई गोलियां लगी थीं। इसके बाद से ही वह इलाजरत हैं। इससे पूर्व 2014 में बड़कागांव के सूर्यमंदिर पर स्कार्पियो में बैठे लखन साव पर हमला हुआ था। हालांकि, इस हमले वे बाल-बाल बच गए थे। लेकिन उनका बॉडीगार्ड मारा गया था। यह मामला भी गैंगवार से जुड़ा था। जिप अध्यक्ष के पति पर कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। रामगढ़ में चल रहे गैंगवार से भी यह पूरा मामला जुड़ा हुआ था।

मामले की जांच की जा रही है। अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी। पुलिस हर दृष्टि से घटना की जांच कर रही है

- मयूर पटेल, एसपी, हजारीबाग। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.