24 घंटे मिलेगी पैथालॉजिकल लैब व एक्स-रे की सुविधा
हजारीबाग : प्रमंडलीय सदर अस्पताल में अब मरीजों को 24 घंटे पैथोलॉजिकल लैब व एक्स-रे की सुविधा मिलेगी।
हजारीबाग : प्रमंडलीय सदर अस्पताल में अब मरीजों को 24 घंटे पैथोलॉजिकल लैब व एक्स-रे की सुविधा मिलेगी। इस आशय का निर्णय गत दिनों उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया था। इसके बाद सदर अस्पताल में पूर्व से ही संचालित सरकारी पैथोलॉजिकल लैब व एक्स-रे की सुविधा लोगों को चौबीस घंटे संचालित करने पर सहमति बनी थी। सोमवार से यह सुविधा लोगों को मिलनी प्रारंभ हो जाएगी। यह जानकारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक सह प्रभारी अस्पताल प्रबंधक प्रतिमा कुमारी ने दी।
उन्होंने बताया कि मरीजों को चौबीस घंटे पैथोलॉजिकल लैब व एक्स रे की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कर्मियों का रोस्टर तैयार कर लिया गया है। जिसके अनुसार प्रतिदिन तीन शिफ्ट में काम होगा। कोई भी मरीज किसी समय किसी भी प्रकार की जांच व एक्स रे करा सकता है। अब मरीजों को निजी पैथोलॉजिकल लैब का चक्कर काटने का सिलसिला बंद हो जाएगा। जानकारी के अनुसार दोपहर के तीन बजे के बाद अस्पताल का सामान्य ओपीडी के बंद हो जाने के साथ ही सरकारी पैथोलॉजिकल लैब व एक्स-रे लैब भी बंद हो जाता था। सिर्फ विशेष परिस्थिति में ही मरीजों को इसका का लाभ मिल पाता था। वास्तव में तीन बजे के बाद मरीजों को किसी भी प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच व एक्स-रे के लिए निजी लैब में पैथोलॉजिकल जांच व एक्स-रे कराना पडता था। जिसको लेकर काफी शिकायतें आ रही थी। ज्ञात हो कि सदर अस्पताल परिसर में पूर्व से स्थापित एसआरएल की पैथोलॉजिकल लैब चौबीस घंटे संचालित है। लेकिन सरकारी पैथोलॉजिकल लैब की तुलना में विभिन्न प्रकार के जांचों के लिए ज्यादा शुल्क देना पडता है। जबकि सरकारी लैब में सभी प्रकार की जांच मात्र दस रूपये में ही किया जाता है।