यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
JPSC Result: जेपीएससी में रसोइया के बेटे ने कर दिया कमाल, बन गया जेल अधीक्षक
जिले के सुदूरवर्ती प्रखंड बरकट्ठा के ग्राम केंदुआ (चुगलामों) निवासी और उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुर्कबाद में मिड डे मील बनाने ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, बरकट्ठा (हजारीबाग)। जिले के सुदूरवर्ती प्रखंड बरकट्ठा के ग्राम केंदुआ (चुगलामों) निवासी और उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुर्कबाद में मिड डे मील बनाने वाली रसोइया जानकी देवी का पुत्र राजेश रजक ने साबित कर दिया कि लगन और मेहनत के आगे संसाधनों की कमी मायने नहीं रखती।
झारखंड सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास करने के बाद जेल अधीक्षक के पद पर उसका चयन हुआ है।राजेश रजक की प्रारंभिक शिक्षा उनके ही गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुर्कबाद से हुई।राजेश के पिता का पहले ही स्वर्गवास हो चुका है। मां जानकी देवी ने ही इस योग्य बनाया।

उन्होंने 2014 में परियोजना उच्च विद्यालय गैड़ा से मैट्रिक की परीक्षा पास की। फिर 2016 में छोटानागपुर इंटर कालेज बेडौकला से इंटरमीडिएट और 2019 में रामनारायण यादव डिग्री कालेज बरही से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
स्नातक के बाद उन्होंने रांची में रहकर जेपीएससी की तैयारी शुरू की और अपने दूसरे प्रयास में ही परीक्षा पास कर ली। अपनी सफलता पर उन्होंने कहा कि छात्रों को चाहिए कि मेहनत करें, मोबाइल से दूर रह स्वाध्याय को आदत बनाएं। सफलता निश्चित है।
उनकी इस सफलता से पूरे प्रखंड में हर्ष और गर्व का माहौल है। उधर रिजल्ट आने के बाद भी आज उनकी मां जानकी पहले की तरह बड़ी तन्मयता से बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने में लगी थीं।