हजारीबाग में सड़क हादसे में मजदूर की मौत पर 32 लाख मुआवजा और नौकरी, छह घंटे बाद खुला चरही-घाटो मार्ग
ब्लैक डायमंड एक्सप्लोसिव कंपनी के वाहन दुर्घटना में मजदूर की मौत के बाद परिजनों ने चरही-घाटो मार्ग जाम कर दिया। ...और पढ़ें

ब्लैक डायमंड एक्सप्लोसिव कंपनी के वाहन का ब्रेक फेल होने से हुई थी मजदूर की मौत।
HighLights
ब्लैक डायमंड वाहन दुर्घटना में मजदूर सिकंदर महतो की मौत।
परिजनों ने 6 घंटे तक चरही-घाटो मार्ग किया जाम।
कंपनी ने 32 लाख मुआवजा, नौकरी, शिक्षा का जिम्मा लिया।
संवाद सूत्र, चरही (हजारीबाग)। सड़क हादसे में मजदूर की मौत के बाद मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर रविवार को चरही-घाटो मार्ग स्थित तापिन साउथ वीटीसी सेंटर फुसरी के समीप ब्लैक डायमंड एक्सप्लोसिव कंपनी के मुख्य द्वार पर जमकर हंगामा हुआ।
आक्रोशित परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने शव के साथ सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक सड़क जाम रखा। करीब छह घंटे तक चले गतिरोध के बाद कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच 32 लाख रुपये मुआवजा, एक आश्रित को नौकरी तथा अन्य सुविधाएं देने पर सहमति बनी। इसके बाद जाम समाप्त हुआ और वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका।
मामला शनिवार को बड़कागांव थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे से जुड़ा है। एनटीपीसी बड़कागांव क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति करने वाली ब्लैक डायमंड कंपनी के वाहन का ब्रेक फेल हो गया था। हादसे में केदला नावाडीह निवासी सिकंदर महतो (40), पिता टेकोचंद महतो गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, वाहन में सवार केदला निवासी कुलेश्वर महतो सहित एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रविवार सुबह मृतक के परिजन शव लेकर कंपनी के गेट पर पहुंच गए और मुआवजे तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग पर अड़ गए। सड़क जाम होने से भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रभावित हुआ।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर चरही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए कंपनी प्रबंधन तथा परिजनों के बीच वार्ता कराने का प्रयास किया।
32 लाख का चेक सौंपा, बच्चों की शिक्षा का भी जिम्मा
कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में अंततः सहमति बनी। प्रबंधन ने मृतक की पत्नी के नाम 32 लाख रुपये का चेक सौंपा। साथ ही परिवार के एक आश्रित को नौकरी देने और बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
हादसे में घायल मजदूरों के समुचित इलाज की जिम्मेदारी भी कंपनी ने ली। इसके अलावा घायल मजदूर के पूरी तरह स्वस्थ होने तक उसे प्रतिमाह मजदूरी देने पर भी सहमति बनी। समझौते के बाद परिजनों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
मुआवजा और अन्य सुविधाएं दिलाने में स्थानीय विधायक तिवारी महतो, शिवलाल महतो, बिहारी महतो, बासुदेव करमाली, परमेश्वर महतो, देवकी महतो और चोलेश्वर महतो सहित मृतक एवं घायल मजदूरों के परिजनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे घटनाक्रम के दौरान चरही पुलिस मौके पर मौजूद रही और विधि-व्यवस्था की निगरानी करती रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।