विष्णुगढ़ के कारीगरों के लिए खुशखबरी: जल्द गूंजेगी कांसा-पीतल के बर्तनों की खनक, निदेशक ने संभाली कमान
खादी ग्रामोद्योग के प्रदेश निदेशक श्रीनिवास मीणा ने विष्णुगढ़ ब्रास एवं ब्रॉन्ज कलस्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई, विद्युत आपूर्ति और आवश्यक मशीनें लगाने के निर्देश दिए।

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)
HighLights
खादी ग्रामोद्योग निदेशक ने कलस्टर का निरीक्षण किया।
सफाई, ट्रांसफार्मर, मशीनें लगाने के निर्देश दिए गए।
कलस्टर के शीघ्र संचालन की उम्मीद बढ़ गई।
संसू, विष्णुगढ़ (हजारीबाग)। प्रखंड मुख्यालय स्थित देवी मंडप के समीप निर्माणाधीन ब्रास एवं ब्रॉन्ज कलस्टर के शीघ्र चालू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
मंगलवार को खादी ग्रामोद्योग के प्रदेश निदेशक श्रीनिवास मीणा ने कलस्टर के वर्कशॉप का निरीक्षण किया और चल रही तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने विष्णुगढ़ ब्रास प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक सुदामा सिंह को वर्कशॉप परिसर के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई कराने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर स्थापित कराने तथा कांसा-पीतल के बर्तन निर्माण से संबंधित आवश्यक मशीनें मंगाकर लगाने के निर्देश दिए।
शेष राशि जमा करने और कार्य में तेजी लाने पर जोर
प्रदेश निदेशक ने कंपनी प्रबंधन को अपने हिस्से की बकाया राशि भी जल्द जमा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्धारित कार्यों को जितनी शीघ्रता से पूरा किया जाएगा, कलस्टर का उद्घाटन भी उतनी ही जल्दी कराया जाएगा।
श्रीनिवास मीणा ने यह भी कहा कि अतीत में क्या गतिविधियां हुईं, यह अब महत्वपूर्ण नहीं है, लेकिन आगे के कार्यों में किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
परियोजना की स्वीकृत लागत और आवंटन की स्थिति
बताया गया कि इस कलस्टर के निर्माण के लिए केंद्र सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय से 4 करोड़ 61 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
इसमें केंद्र सरकार की ओर से 4 करोड़ 21 लाख रुपये आवंटित किए जा चुके हैं। शेष 38 लाख 55 हजार रुपये आईए (IA) शेयर एवं एसपीवी (SPV) के माध्यम से जमा किए जाने हैं।
इनमें से आईए शेयर के 22 लाख 5 हजार रुपये जमा कर दिए गए हैं, जबकि एसपीवी के हिस्से की 16 लाख 50 हजार रुपये की राशि आवंटित होनी अभी बाकी है। इस राशि के आवंटन की प्रक्रिया वर्तमान में उद्योग निदेशालय में लंबित बताई गई है।
वर्कशॉप तैयार, शेष मशीनें लगते ही शुरू होगा संचालन
फिलहाल कलस्टर के वर्कशॉप भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यहां मशीन कटिंग, लेथ, शेयर लेथ और ग्रेडिंग-वेटिंग जैसी मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं।
हालांकि, बर्तन निर्माण के लिए जरूरी बेलन और रोलर जैसी कुछ प्रमुख मशीनें लगनी अभी शेष हैं। इन मशीनों की स्थापना और अन्य बुनियादी तैयारियां पूरी होने के बाद कलस्टर के विधिवत संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।