बरही में धर्मांतरण पर बवाल : कोरियाडीह गांव में परंपरा और धर्म की रक्षा के लिए एकजुट हुई पंचायत
हजारीबाग के बरही प्रखंड की धनवार पंचायत में कथित धर्मांतरण प्रयासों को लेकर ग्रामीण एकजुट हुए। कोरियाडीह गांव में महापंचायत ...और पढ़ें

बरही के कोरियाडीह गांव में धर्मांतरण के खिलाफ आयोजित बैठक में एकजुट होकर अपनी परंपराओं की रक्षा का संकल्प लेते धनवार पंचायत के ग्रामीण।
HighLights
धनवार पंचायत में धर्मांतरण के कथित प्रयासों का विरोध।
कोरियाडीह गांव में महापंचायत ने दी कड़ी चेतावनी।
ग्रामीणों ने आस्था और परंपराओं की रक्षा का संकल्प लिया।
बैठक में गूंजा विरोध का स्वर: आस्था की रक्षा सर्वोपरि
कोरियाडीह में आयोजित इस बैठक में न केवल पुरुष बल्कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में भोले-भाले लोगों को भ्रमित कर और प्रलोभन देकर धर्मांतरण के प्रयास किए जा रहे थे।
मुखिया राजेन्द्र प्रसाद ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि धनवार पंचायत की पावन भूमि पर किसी भी प्रकार का जबरन या लालच देकर कराया जाने वाला धर्मांतरण स्वीकार्य नहीं है। यदि भविष्य में ऐसी कोई गतिविधि सामने आई, तो पंचायत स्तर पर कड़ा विरोध किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
भ्रम फैलाने वालों को अंतिम चेतावनी
आशंका के घेरे में आए संबंधित लोगों को बैठक में तलब कर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से समझाया और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी। उपमुखिया दामोदर प्रसाद वर्मा ने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना हमारी संस्कृति है, लेकिन समाज को बांटने वाली विचारधारा को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
शांति और सजगता पर जोर
बैठक का मुख्य उद्देश्य किसी विवाद को जन्म देना नहीं, बल्कि अपनी सामाजिक एकता की रक्षा करना था। उपस्थित समाजसेवियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और गांव में शांति व भाईचारा बनाए रखें। ग्रामीणों ने एक स्वर में शपथ ली कि वे अपनी सामाजिक परंपराओं की रक्षा हर हाल में करेंगे।
बैठक में सुरेश कुशवाहा, कृष्ण कुमार, अनिल प्रसाद, बसंत प्रसाद, उमेश प्रसाद, विकास कुमार, दिवाकर प्रसाद कुशवाहा समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।