विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5 रुपये की पैकेट में 3 रुपये का झोल! हजारीबाग के बरही में पकड़ाया नकली तंबाकू का बड़ा स्टॉक; दो दुकानें सील

By Vikas SinghEdited By: Mansi Kumari
Published: Thu, 17 Sep 2026 06:41 PM (IST)

बरही पुलिस ने गया रोड पर छापेमारी कर नकली एक्शन-7 तंबाकू के 523 पैकेट जब्त किए हैं। इस मामले में ...और पढ़ें

बरही पुलिस ने नकली एक्शन-7 तंबाकू के 523 पैकेट जब्त किए। जागरण

बरही पुलिस ने नकली एक्शन-7 तंबाकू के 523 पैकेट जब्त किए। जागरण

HighLights

  1. बरही पुलिस ने नकली एक्शन-7 तंबाकू के 523 पैकेट जब्त किए।

  2. गया रोड स्थित दो दुकानों पर छापेमारी कर यह कार्रवाई हुई।

संवाद सूत्र, बरही (हजारीबाग)। बरही थाना पुलिस ने बुधवार को बरही चौक स्थित गया रोड में छापामारी कर नकली टोबैको (तंबाकू) की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस ने दो दुकानों से एक्शन-7 तंबाकू के कुल 523 पैकेट जब्त किए हैं। जिसके अंदर पीले रंग के 505 पैकेट और नीले रंग के 18 पैकेट शामिल हैं।

इस बाबत गुरुवार को बरही थाना में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिनोद कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रेस वार्ता कर एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम गठित कर यह कार्रवाई की गई। गया रोड स्थित आरके ट्रेडर्स दुकान की जांच के दौरान 505 पैकेट पीले रंग के एक्शन-7 तंबाकू मिले।

पूछताछ में दुकानदार संदीप सेठ ने बताया कि उक्त माल उसने पास के दुकानदार रोहित वर्णवाल (नरेश प्रसाद स्टोर) से लिया था। इसके बाद नरेश प्रसाद स्टोर में जांच की गई, जहां से 18 पैकेट नीले रंग के एक्शन-7 तंबाकू बरामद हुए। एसडीपीओ ने बताया कि जांच में बरामद पैकेटों पर निर्माण एवं समाप्ति तिथि अंकित नहीं मिली।

साथ ही पैकेट के बाहर एमआरपी पांच रुपये तथा अंदर तीन रुपये अंकित था। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि उक्त मामले में बरही थाना कांड संख्या 331/26 दर्ज करते हुए संदीप सेठ, संचालक आरके ट्रेडर्स, गया रोड बरही तथा रोहित वर्णवाल, नरेश प्रसाद स्टोर, गया रोड बरही को नामजद आरोपी बनाया है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस की छापेमारी दल में एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिनोद कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे। बतलाते चलें कि एक्शन-7 टोबैको कंपनी के पदाधिकारियों ने शिकायत की थी, इसी के आधार पर एसपी के दिशा निर्देश पर कंपनी के पदाधिकारियों के उपस्थिति में त्वरित छापामारी की करवाई हुई। 

यह भी पढ़ें- हजारीबाग: बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोकर लदे पिकअप से 1092 बोतल अवैध शराब जब्त; दो गिरफ्तार