विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनुष्का मौत मामले में पति पुलिस रिमांड पर, JPSC कनेक्शन को लेकर CID ने की पूछताछ

Published: Sun, 01 Nov 2026 08:42 AM (IST)

अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत के मामले में उनके पति कुशाग्र रुद्र राणा को 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर ...और पढ़ें

अनुष्का चक्रवर्ती की फाइल फोटो।

अनुष्का चक्रवर्ती की फाइल फोटो।

HighLights

  1. पति कुशाग्र रुद्र राणा 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर।

  2. जेपीएससी नौकरी के लिए 38 लाख की कथित सेटिंग।

संवाद सहयोगी, हजारीबाग। झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब कई नए पहलुओं से जुड़ता नजर आ रहा है। पुलिस ने उनके पति कुशाग्र रुद्र राणा को 48 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

शुक्रवार देर शाम न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अनुष्का की मौत से जुड़े घटनाक्रम, पारिवारिक विवाद और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकता है।

बता दें कि पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के लिए न्यायालय से 72 घंटे की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने 48 घंटे की अनुमति दी। उल्लेखनीय है कि पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही थी। इसी बीच कुशाग्र ने गिरफ्तारी से पहले 29 नवंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। अब रिमांड मिलने के बाद पुलिस उससे आमने-सामने पूछताछ कर रही है।

इससे पूर्व मृतका के पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती और जिमी चक्रवर्ती का बयान भी दर्ज किया जा चुका है। झारखंड हाईकोर्ट ने भी मामले में संज्ञान लेते हुए जांच की प्रगति पर नजर रखी है। पुलिस को अगले चार दिनों के भीतर जांच से संबंधित जानकारी न्यायालय को देनी है।

सीआईडी की पूछताछ में जेपीएससी में नौकरी के नाम पर 38 लाख की कथित डील सामने आया

मामले में शनिवार को एक नया और गंभीर पहलू सामने आया। जेपीएससी से जुड़े मामले को लेकर सीआईडी की टीम हजारीबाग पहुंची और कुशाग्र रुद्र से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में कुशाग्र ने कथित तौर पर बताया कि उसके ससुर सुनील कुमार चक्रवर्ती ने रामगढ़ विधायक ममता देवी के विधायक प्रतिनिधि मनोज महतो के माध्यम से अनुष्का को सहायक लोक अभियोजक (एपीपी) की नौकरी दिलाने के लिए जेपीएससी में सेटिंग कराई थी। इसके लिए कथित तौर पर 38 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।

सूत्रों के मुताबिक, तय राशि में से सात लाख रुपये कंपनी के चेक के माध्यम से और दस लाख रुपये नकद अग्रिम दिए गए थे। कुशाग्र ने पूछताछ में पैसे डूबने की चिंता जताने की बात भी कही है। इस पर उसकी सास जिमी चक्रवर्ती द्वारा कथित तौर पर जमीन बेचकर पैसे लौटाने और बेटी को एपीपी बनवाने की बात कहने का जिक्र सामने आया है।

हालांकि इन आरोपों और कथित लेनदेन की स्वतंत्र पुष्टि तथा सीआईडी की आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने आना बाकी है। अनुष्का एपीपी परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकी थीं।

लॉ की पढ़ाई के दौरान हुई थी दोनों की मुलाकात

बता दें कि कुशाग्र रुद्र राणा मूल रूप से बिहार के आरा जिले का निवासी है। उसने विभावि के अंतर्गत यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई की थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात जूनियर अनुष्का चक्रवर्ती से हुई थी। बाद में दोनों ने शादी कर ली। कुशाग्र इसके बाद पारिवारिक व्यवसाय से जुड़ गया। कुशाग्र के पिता 89 बैच के सब इंस्पेक्टर थे। 2008 में चाईबासा में पोस्टिंग के दौरान एक फर्जी इनकाउंटर के मामले में उन्हें डिसमिस कर दिया गया था।

अनुष्का चक्रवर्ती मौत के मामले को लेकर कुशाग्र रूद को दो दिनों के रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा। - रूपक कुमार सिंह, एसडीपीओ, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, हजारीबाग।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।