हजारीबाग में निजी जमीन पर अबुआ आवास बनाने का आरोप, BDO से की गई जांच की मांग
हजारीबाग के नावाडीह गांव में बसंत कुमार ओझा ने अपनी निजी भूमि पर अबुआ आवास योजना के तहत आवास निर्माण ...और पढ़ें

निजी जमीन पर अबुआ आवास निर्माण की शिकायत। जागरण
HighLights
निजी जमीन पर अबुआ आवास निर्माण की शिकायत।
बसंत कुमार ओझा ने बीडीओ से की शिकायत।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। प्रखंड के नावाडीह गांव में निजी जमीन पर अबुआ आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत कर निर्माण कराए जाने का आरोप लगाते हुए बसंत कुमार ओझा ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ संबंधित भूमि का सीमांकन कराने की मांग की है।
आवेदन में बसंत कुमार ओझा ने बताया कि खाता नंबर एक, प्लॉट नंबर 1243 में करीब 59 डिसमिल भूमि उनके परिवार के अधिकार एवं स्वामित्व से संबंधित है। उनका आरोप है कि इसी जमीन पर रूबी देवी, पति विकास कुमार राम के नाम से अबुआ आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत किया गया और सरकारी राशि से निर्माण कराया गया है।
उन्होंने आवास की स्वीकृति के लिए इस्तेमाल किए गए भूमि संबंधी दस्तावेज, लाभुक चयन की प्रक्रिया, स्थल सत्यापन, जियो-टैगिंग और भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने का अनुरोध किया है। साथ ही अंचल अधिकारी अथवा अमीन के माध्यम से स्थल का सीमांकन कराकर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि आवास का निर्माण किस भूमि पर हुआ है।
आवेदक के अनुसार, उनके भाई जय प्रकाश ओझा ने इस मामले को लेकर 24 अप्रैल 2024 को कटकमदाग थाना तथा 16 जुलाई 2024 को उपायुक्त और उप विकास आयुक्त को भी शिकायत दी थी। इसके बावजूद मामला स्पष्ट नहीं होने पर अब पुनः बीडीओ से शिकायत की गई है।
बसंत कुमार ओझा ने कहा कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच के निष्कर्ष से उन्हें लिखित रूप से अवगत कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर भूमि एवं आवास निर्माण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
