भाजपाइयों ने जलाया चीनी राष्ट्रपति का पुतला और सामान
संसू टाटीझरिया (हजारीबाग) टाटीझरिया चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति क
संसू, टाटीझरिया (हजारीबाग): टाटीझरिया चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति का पुतला जलाया। इस दौरान चीन के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके साथ ही चीनी सामान का बहिष्कार करने की अपील भी की गई। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व भाजपा प्रखंड अध्यक्ष कैलाशपति सिंह ने किया। इस दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिग के पुतले के साथ चीनी सामान को जलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि लद्दाख स्थित गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ खूनी संघर्ष में शहीद होने वाले भारतीय सेना के जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हम सभी को संकल्प लेकर चीनी सामान का बहिष्कार करने की जरूरत है। चीन को सबक सिखाने के लिए चौतरफा वार जरूरी है। इसीलिए हम सभी को चीनी सामानों का पूरी तरह परित्याग कर उसे आर्थिक चोट पहुंचाने की जरूरत है। भाजपाइयों ने चीन की विस्तारवादी नीति के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लेते हुए भविष्य में चीनी सामानों का पूरी तरह बहिष्कार करने की बात कही। इस मौके पर संतोष मंडल, शैलेश सिंह, उपेंद्र पांडेय, अजय सिंह, जीतन यादव, रजनीकांत चौधरी, बबलू यादव, लल्टू चौधरी, पंकज प्रसाद, अजय कुशवाहा समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।