विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में बरसात में बंद हो जाता था रास्ता, अब छोटकी नदी पर बनेगा 200 फीट का पुल; दर्जनों गांवों को मिलेगी राहत

Published: Thu, 10 Sep 2026 09:04 AM (IST)

हजारीबाग के इचाक प्रखंड में मोक्तमा-पोखरिया मार्ग पर छोटकी नदी पर 200 फीट लंबा पुल बनेगा, जिससे दर्जनों गांवों को ...और पढ़ें

हजारीबाग के इचाक में छोटकी नदी, जहां बनेगा 200 फीट लंबा पुल। जागरण

हजारीबाग के इचाक में छोटकी नदी, जहां बनेगा 200 फीट लंबा पुल। जागरण

संवाद सूत्र, इचाक (हजारीबाग)। हजारीबाग की ओर से प्रखंड के मोक्तमा-पोखरिया पथ पर बंशीनगर के समीप छोटकी नदी पर करीब 200 फीट लंबे पुल का निर्माण कराया जाएगा। पुल बनने के बाद इचाक डाढ़ा (वाया दरिया) और इचाक-बरकट्ठा (वाया करियातपुर) मार्ग के बीच करीब पांच किलोमीटर लंबा संपर्क पथ जुड़ जाएगा।

इससे प्रखंड के सुदूरवर्ती डाढ़ा, दरिया और डाड़ीघाघर पंचायत के दर्जनों गांवों का सीधा संपर्क मोक्तमा, देवकुली, फुरुका, मांगुरा, जमुआरी समेत अन्य गांवों के साथ-साथ करियातपुर, झुमरा और टाटीझरिया बाजार से हो जाएगा।

पुल निर्माण से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में काफी सहूलियत होगी। ग्रामीणों को प्रखंड और जिला मुख्यालय आने-जाने के लिए एक नया और सुगम मार्ग भी उपलब्ध होगा। वहीं मोक्तमा, करियातपुर, मांगुरा, फुरुका समेत आसपास के गांवों के लोगों को सुदूरवर्ती पंचायतों के गांवों से होते हुए बभनी बांका और बरकट्ठा जाने में भी आसानी होगी।

बारिश में बंद हो जाता है मार्ग

फिलहाल सड़क की जर्जर स्थिति और नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में यह मार्ग लगभग बंद हो जाता है। ऐसे में सुदूरवर्ती पंचायतों के ग्रामीणों को करीब चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर दरिया-चंदा मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। पुल बनने से ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मुखिया की पहल पर आगे बढ़ी योजना

ग्रामीणों के अनुसार, सरकारी उदासीनता के कारण आजादी के करीब 80 वर्ष बाद भी मोक्तमा-पोखरिया संपर्क पथ का समुचित निर्माण नहीं हो सका। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीण सीताराम कुशवाहा, मनोज कुशवाहा, कुंवर अजय सिंह, संदीप कुमार, विकास कुमार, अशोक राम समेत कई लोगों ने मांगुरा पंचायत की मुखिया मीना देवी से नदी पर पुल निर्माण और सड़क की मरम्मत की मांग की थी।

ग्रामीणों के आग्रह पर मुखिया मीना देवी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए योजना को ग्राम सभा से पारित कराया और उपायुक्त हेमंत सती, हजारीबाग को ज्ञापन भेजा। उपायुक्त ने मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विशेष प्रमंडल, हजारीबाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

अभियंताओं ने किया स्थल निरीक्षण

निर्देश के आलोक में पांच और सात सितंबर को सहायक अभियंता नमिश कुमार एवं कनीय अभियंता हाशिम अंसारी ने बंशीनगर स्थित छोटकी नदी का स्थल निरीक्षण किया।

अभियंताओं ने पुल के प्रारूप और प्राक्कलन तैयार करने के लिए स्थल की स्थिति का जायजा लिया। नदी पर पुल निर्माण और सड़क के सुदृढ़ीकरण की खबर से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि पुल बनने के बाद क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। 

यह भी पढ़ें- हजारीबाग: जंगल के बीच बसे हरदिया में थमी तरक्की, सड़क-पुल नहीं होने से 6 किमी पैदल चलने को मजबूर स्कूली बच्चे