वरमाला के समय भीड़ में घुसी कार, दर्जन भर घायल
संस, विष्णुगढ़ : प्रखंड के जोबर गांव में बीती रात्र एक शादी समारोह में अनियंत्रित कार ने रंग में भंग
संस, विष्णुगढ़ : प्रखंड के जोबर गांव में बीती रात्र एक शादी समारोह में अनियंत्रित कार ने रंग में भंग डाल दिया। ऐन वरमाला के समय अनियंत्रित कार तेजी से भीड़ में घुस गई जिससे दर्जन भर लोग घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को विष्णुगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें पांच की गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायलों में कंचकिरो गांव के रोशनलाल महतो, भैरो महतो, जोबर गाव की पूनम देवी, चमनी देवी तथा डोमन महतो शामिल हैं। वहीं अन्य घायलों कुंजकिरो के तुलो महतो, धनेश्वर महतो, खुबलाल महतो, कुंजो महतो, हुलास महतो, महेंद्र महतो, निर्मल महतो का इलाज विष्णुगढ़ में किया जा रहा है।
घटना रात करीब 12 बजे की है। इस संबंध में बताया जाता है कि रात करीब 11-12 बजे के बीच वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच सड़के किनारे खड़ी कार अचानक तेज गति से आकर भीड़ में घुस गई। अचानक कार घुसने से वहां खड़े लोगों में हड़कंप मच गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक कार कई लोगों को अपने चपेट में ले चुकी थी। वहीं कार चालक मौके का लाभ उठाकर भाग निकला। ग्रामीणों ने वाहन को जब्त कर लिया है।