सुबह-सुबह झाड़ियों में छिपी थी मौत! गुमला में शौच के लिए घर से निकले बुजुर्ग को हाथी ने कुचलकर मार डाला
गुमला के भरनो प्रखंड में एक जंगली हाथी ने 65 वर्षीय शनि उरांव को कुचलकर मार डाला, जब वे सुबह ...और पढ़ें
HighLights
गुमला में जंगली हाथी ने वृद्ध को कुचलकर मारा।
शनि उरांव शौच के लिए घर से निकले थे।
जागरण संवाददाता, गुमला। गुमला के भरनो प्रखंड के मारासिली पंचायत अंतर्गत महूगांव टंगरा टोली में बुधवार की सुबह करीब पांच बजे जंगली हाथी ने एक वृद्ध ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान गांव निवासी शनि उरांव (65) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, शनि उरांव अहले सुबह शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों की ओर गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद हाथी के सामने वे आ गए। हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों ने बताया कि भरनो प्रखंड के विभिन्न इलाकों में जंगली हाथियों का भ्रमण लगातार होता रहता है। हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने से लोगों में हमेशा भय बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लोग हाथियों को करीब से देखने या उन्हें भगाने के प्रयास में छेड़छाड़ कर देते हैं। इससे हाथी उग्र और आक्रामक हो जाते हैं और मानव बस्तियों में घुसकर जान-माल को नुकसान पहुंचाते हैं।
घटना की सूचना वन विभाग और प्रशासन को दी गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने, ग्रामीणों को सतर्क करने तथा हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की गई है।
