डकैती कांड के तीन अभियुक्त गिरफ्तार
संवाद सूत्र भरनो (गुमला) भरनो ब्लाक चौक सर्कस मैदान के समीप स्थित कैशपार माइक्रो क्रेडिट क
संवाद सूत्र, भरनो (गुमला) : भरनो ब्लाक चौक सर्कस मैदान के समीप स्थित कैशपार माइक्रो क्रेडिट कंपनी के दफ्तर में 12 नवंबर को हुए डकैती कांड के तीन आरोपियों को भरनो पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनमें लौंगा गांव निवासी इम्तियाज अंसारी उर्फ बिष्णु ,भंडरा थाना क्षेत्र के कसपुर डिपाटोली गांव निवासी मेहंदी अंसारी और भंडरा थाना क्षेत्र के बलसोता गांव निवासी मोजाहिद अंसारी उर्फ छोटू शामिल है। इन तीनो आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को गुमला जेल भेज दिया गया। वहीं इस डकैती कांड में तीन और आरोपी सिसई थाना क्षेत्र के छारदा गांव निवासी अनिल उरांव, सेन्हा थाना क्षेत्र के आर्यन लेहडी और भरनो थाना क्षेत्र के लौंगा गांव निवासी संजय खत्री शामिल थे, जो फरार चल रहें है।गुरुवार को भरनो थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि डकैती कांड में शामिल तीन आरोपी पकड़े गए हैं और फरार तीन आरोपी बहुत जल्द पकड़ लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि डकैती कांड की वारदात के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गुमला एसपी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गुमला मनीष चन्द्र लाल के नेतृतव में एक एसआईटी टीम का गठन की गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि लूट कांड के आरोपियों द्वारा अपना अपराध स्वीकार करते हुए यह भी बताया कि महीने दिन पहले बरंदा और सिसई में फाइनेंस कंपनी के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना को भी अंजाम दिया गया था। भरनो में डकैती की घटना के बाद पकड़े गए आरोपियों से तीन लूट के वारदातों का खुलासा हुआ है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा भरनो के कैशपार माइक्रो क्रेडिट कंपनी से 78,490 रुपया लुटा गया था। जिसे छह आरोपी आपस बांट लिए थे। गिरफ्तार किए गये आरोपियों के पास से लूटा हुआ 2000 रुपया नगद, दो मोबाइल, 315 का एक गोली, कंपनी के कर्मी से लूटा गया बैग और वीवो कंपनी का एक मोबाइल, कर्मी का आधार कार्ड, लूट कांड में इस्तेमाल किये गए दो पल्सर बाइक बरामद किया गया। एसआइटी टीम में एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल, भरनो थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, एसआइ दिनेश सिंह, प्रशिक्षु दारोगा बालमुकुंद सिंह, छोटू उरांव, कपुल दीपक नाग, एएसआइ फागुराम उरांव शामिल थे।