विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला में सिस्टम की लाचारी: कीचड़ भरे रास्ते से बहंगी पर लादकर अस्पताल पहुंचाई गई गर्भवती

Published: Sat, 03 Oct 2026 10:30 PM (IST)

घाघरा प्रखंड के गुनिया गांव में खराब सड़क के कारण एक गर्भवती महिला हीरा कुमारी को बहंगी के सहारे मुख्य ...और पढ़ें

बहंगी से ले जाता परिजन। (जागरण)

बहंगी से ले जाता परिजन। (जागरण)

HighLights

  1. गर्भवती महिला को खराब सड़क के कारण बहंगी से ले जाया गया।

  2. गुनिया गांव की सड़कें कीचड़ और गड्ढों से भरी हैं, वाहन नहीं पहुंच पाते।

  3. ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांच और आवागमन सुधार की मांग की।

संवाद सूत्र, घाघरा (गुमला)। घाघरा प्रखंड के कुहीपाट पंचायत अंतर्गत गुनिया गांव की गर्भवती महिला हीरा कुमारी को सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बहंगी के सहारे मुख्य सड़क तक लाया गया।

दो व्यक्ति बहंगी के सहारे गर्भवती महिला को गांव से मुख्य पथ तक ले गए। इसके बाद एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

महिला के साथ स्वास्थ्य सहिया भी मौजूद थीं। जानकारी के अनुसार गुनिया गांव की सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और बारिश के कारण पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है।

स्थिति यह है कि गांव के अंदर कोई वाहन नहीं पहुंच पाता है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार मरीजों को मुख्य सड़क तक पहुंचाने में ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है।

ग्रामीणों के अनुसार करीब दो माह पूर्व पंचायत की 15वें वित्त की राशि से मिट्टी-मोरम सड़क का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की स्थिति पहले से भी खराब हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत सड़क निर्माण के नाम पर महज खानापूर्ति की गई। सड़क के किनारे से ही मिट्टी काटकर सड़क पर डाल दी गई, जिसके कारण बारिश होते ही मिट्टी बह गई और सड़क पर कीचड़ व गड्ढे बन गए।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा गांव तक आवागमन सुचारू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण किसी मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया है।

यह भी पढ़ें- स्वर्ण पदक विजेता गुमला की पार्वती टोपनो के घर में न शौचालय, न ही साफ पानी; घर पहुंची डालसा की टीम ने दिया भरोसा