झारखंड के गुमला में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या
Murder of youth in love affair. झारखंड के गुमला में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का मामला सामने आया है।
गुमला, जेएनएन। झारखंड के गुमला में प्रेम प्रसंग में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के चैनपुर प्रखंड के बसईटोली गांव में शनिवार की रात हरा निवासी शहदेव लोहरा (20) की प्रेम प्रसंग में हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। हरा ग्राम निवासी शाहदेव रामनवमी में अपने संबंधी के घर बसाईटटोली ग्राम आया था। वह बसाईटटोली ग्राम की रेखा देवी से पहले से ही उसके प्रेम प्रसंग की बात बताई जा रही है। रेखा देवी विवाहित है और उसके दो बच्चे भी हैं व उसका पति बजरंग रौतिया बेंगलूर में मजदूरी का कार्य करता है। इस बीच, नाजायज संबंध को लेकर परिवार के लोगों ने रेखा देवी से मारपीट की और शाहदेव लोहरा की पीट-पीट कर हत्या कर दी।
डिबू लोहरा ने बताया कि मेरा पुत्र शाहदेव लोहरा गांव में झंडा मिलान के बाद हमारे संबंधी के घर बसाईटटोली गया था, तभी देर रात हमें सूचना मिली कि मेरे पुत्र के साथ बसाईटटोली में किसी के साथ झगड़ा हो गया है और वे लोग मेरे बेटे के साथ मार पीट कर रहे हैं। जब तक मैं बसाईटटोली गांव पहुंचा, तब तक मेरे पुत्र की हत्या की जा चुकी थी। इधर, ग्रामीणों ने मृतक के पिता डिबू लोहरा को गांव के ही कुछ लोगों द्वारा हत्या किए जाने की जानकारी दी गई। चैनपुर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है। चैनपुर थाना प्रभारी मोहन कुमार ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
इधर, सर्किल इंस्पेक्टर रंजीत कुमार अपने दल बल के साथ घटनास्थल पहुंच कर मामले की छानबीन कर रहें हैं। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों द्वारा चैनपुर थाने में हत्या पर प्रथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।