झारखंडः महिला से सामूहिक दुष्कर्म, पति से भी मारपीट Gumla News
झारखंड के गुमला में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
संवाद सूत्र, घाघरा (गुमला)। झारखंड के गुमला में बेलागढ़ा पंचायत की एक विवाहिता से गांव के तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस संबंध में महिला के पति ने घाघरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, बुधवार की शाम पांच बजे महिला जरूरत का सामान खरीदने के लिए घर से दुकान जा रही थी। रास्ते में तीन युवकों लालू उरांव, डोंडा उरांव व सुरेंद्र उरांव ने उस महिला को अगवा कर सुनसान जगह पर ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। शाम में जब उसका पति घर लौटा तो दुष्कर्म करने वालों ने थाना जाने से रोकने के लिए उसके साथ भी मारपीट की और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी।
गुरुवार को पति ने पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म होने से संबंधित लिखित शिकायत घाघरा थाना में दर्ज कराया। थाना प्रभारी उपेंद्र महतो ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है मामले की छानबीन कर कार्रवाई की जा रही है।