विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला में बीच सड़क हाइवा के केबिन में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

Published: Tue, 13 Oct 2026 06:45 PM (IST)

गुमला के रायडीह थाना क्षेत्र में NH-43 पर एक हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसके केबिन में आग ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, रायडीह (गुमला)। रायडीह थाना क्षेत्र के एनएच-43 स्थित डोबडोबी के तीखे मोड़ पर मंगलवार को एक हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद वाहन के केबिन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा केबिन जलकर राख हो गया। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। 

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।  जानकारी के अनुसार, हाइवा में सड़क निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला फ्लाई ऐश (डस्ट) लदा था। वाहन रांची से मांझाटोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान डोबडोबी के तीखे मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और हाइवा का डाला पलट गया। 

हालांकि, वाहन का केबिन नहीं पलटा। इसी बीच केबिन में आग लग गई और आग की लपटें तेजी से उठने लगीं।  

हाइवा का केबिन पूरी तरह जला

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रायडीह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास किया। 

हालांकि, दमकल के पहुंचने तक हाइवा का केबिन पूरी तरह जल चुका था। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।