गुमला में सड़क हादसा, दो ट्रकों के पलटने से चालक की मौत; जाम रहा मुख्य मार्ग
गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र में दो ट्रकों के पलटने से एक चालक की मौत हो गई। इस हादसे के ...और पढ़ें

पालकोट के हांसदोई पुल पर दो ट्रक पलटे। जागरण
HighLights
पालकोट के हांसदोई पुल पर दो ट्रक पलटे।
हादसे में मध्य प्रदेश के चालक अरुण कुमार साकेत की मौत।
जागरण संवाददाता, गुमला। पालकोट थाना क्षेत्र के सेमरा जंगल स्थित हांसदोई पुल पर रविवार रात मिट्टी लदे दो ट्रकों के पलटने से एक ट्रक के चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुमला-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर रातभर आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के रीवा जिले के नकबार रोड थाना क्षेत्र निवासी अरुण कुमार साकेत (30) के रूप में हुई है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अरुण कुमार को इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार को मिट्टी लदा एक ट्रक हांसदोई पुल के समीप अनियंत्रित होकर पलट गया था। दुर्घटना के बाद ट्रक सड़क पर ही पड़ा रहा। रात करीब 12 बजे उसी स्थान पर मिट्टी लदा दूसरा ट्रक पहुंचा। सड़क पर पहले से पलटे ट्रक के कारण दूसरा ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में उसका चालक अरुण कुमार साकेत गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों ट्रकों के सड़क पर पलटने से मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। सुबह सूचना मिलने पर पालकोट थाना के एसआई प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन दोबारा शुरू हो सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
