Jharkhand: लिव-इन में रह रही नाबालिग से मारपीट के बाद गर्भपात, दफनाए नवजात का निकाला गया शव; अब होगी DNA जांच
Jharkhand Crime किशोरी ने सदर अस्पताल में मृत नवजात को जन्म दिया। परिजनों ने शव को दफना दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को निकाल लिया। किशोरी ने पुलिस पूछताछ में प्रेमी पर मारपीट के आरोप लगाए हैं।
गुमला, संवाद सूत्र। गुमला में पुलिस ने गड्ढा खोदकर एक नवजात का शव निकाला। नवजात का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में पता चला कि एक नाबालिग किशोरी से उसके प्रेमी ने मारपीट की। जिससे उसका गर्भपात हो गया।
जानकारी के अनुसार किशोरी का एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अक्टूबर महीने से दोनों लिव-इन-रिलेशन में रह रहे थे। पीड़िता के फर्द बयान के अनुसार, युवक नाबालिग किशोरी के साथ मारपीट किया करता था।
आरोप है कि गर्भवस्था में भी उसके साथ मारपीट की। जिससे किशोरी का गर्भपात हो गया। सदर अस्पताल में किशोरी ने मृत शिशु को जन्म दिया। इसके बाद, किशोरी के परिजनों ने शव को खेत में ले जाकर दफन कर दिया। सूचना पर पुलिस जांच को पहुंच गई।
गुमला सदर अस्पताल में नाबालिग किशोरी के मृत शिशु को जन्म देने और डीएसपी रोड बड़ाइक मुहल्ला स्थित खेत में दफन करने की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़िता किशोरी के फर्द बयान के आधार पर गुमला थाना में भादवि और छह पॉक्सो एक्ट के तहत गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
दफन शव को निकालने के लिए घटना की सूचना अनुमंडल पदाधिकारी को दी गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने दफनाए शव को निकाल कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए अंचलाधिकारी केके मुंडू को मजिस्ट्रेड के रुप में नियुक्त किया है। शनिवार को शव को निकाला गया।
डॉक्टरों के तीन सदस्यीय दल ने शव का पोस्टमार्टम किया और डीएनए जांच के लिए सैंपल लिया गया। सैंपल रांची भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।