विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां चीखती रही, तमाशबीन बने रहे लोग... गुमला में लड़की से बात करने पर टोका तो युवक ने पीट-पीटकर ले ली अधेड़ की जान

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:38 AM (IST)

गुमला के करौंदी नायक टोली में लड़की से बातचीत को लेकर हुए विवाद में दुर्गेश नायक ने राजू नायक (48) की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी।

मृतक राजू नायक के स्वजन। जागरण फोटो

मृतक राजू नायक के स्वजन। जागरण फोटो

HighLights

  1. लड़की से बातचीत को लेकर हुआ विवाद।

  2. राजू नायक को लाठी-डंडों से पीटा गया।

  3. इलाज के दौरान राजू नायक की मौत हुई।

संवाद सहयोगी, गुमला। सदर थाना क्षेत्र के करौंदी नायक टोली में सोमवार को लड़की से बातचीत करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से पीटकर गांव के ही राजू नायक (48) की हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपित दुर्गेश नायक फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है।

घटना के संबंध में मृतक की मां रीता देवी ने बताया कि सोमवार दोपहर आरोपित दुर्गेश नायक उनके घर के पास एक लड़की से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान राजू नायक ने उसे वहां से आगे जाने को कहा।

इसी बात पर दुर्गेश नाराज हो गया और राजू के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से राजू को बेरहमी से पीटा।

बेटे को बचाने के लिए रीता देवी लगातार गुहार लगाती रहीं, लेकिन आरोपित ने उनकी एक नहीं सुनी और मारपीट जारी रखी। मां के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी राजू को बचाने के लिए आगे नहीं आया।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल राजू को ग्रामीण उसके घर छोड़ गए। देर शाम उनका बेटा अजय नायक घर पहुंचा तो पिता की हालत गंभीर देख सोमवार रात उन्हें गुमला सदर अस्पताल लेकर पहुंचा।

यहां इलाज के दौरान राजू नायक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस मामले की जांच और आरोपित की गिरफ्तारी में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।