विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला में रिश्तों का कत्ल: दो भाइयों पर अपनी पत्नियों की हत्या कर जंगल में शव दफनाने का आरोप, ऐसे हुआ पर्दाफाश

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:59 AM (IST)

गुमला में दो सगे भाइयों पर अपनी पत्नियों की हत्या कर सिमडेगा के वीरू जंगल में शव दफनाने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया और अब शवों की तलाश जारी है।

मिनी प्रिया और राधिका कुमारी। फाइल फोटो

मिनी प्रिया और राधिका कुमारी। फाइल फोटो

HighLights

  1. दो भाइयों पर अपनी पत्नियों की हत्या का आरोप।

  2. शवों को सिमडेगा के वीरू जंगल में दफनाया गया।

  3. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया, शवों की तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, गुमला। गुमला जिले में दो महिलाओं की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर सिमडेगा जिले के वीरू जंगल में शवों को दफना दिया।

मृतकों की पहचान विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी 28 वर्षीय मिनी प्रिया, पति शिव शंकर साहू और 20 वर्षीय राधिका कुमारी, पति नवीन साहू के रूप में हुई है। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से आपसी संबंध अच्छे नहीं थे। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर समझौता हुआ था। इसके बाद शिव शंकर और नवीन अपनी-अपनी पत्नी को लेकर समसेरा स्थित घर चले गए थे।

सोमवार की सुबह करीब नौ बजे परिवार के सदस्यों की दोनों महिलाओं से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय तक सब कुछ सामान्य बताया गया था।

इसके बाद परिजनों का दोनों महिलाओं से संपर्क नहीं हो सका। सोमवार के बाद उनसे कोई बातचीत नहीं होने के कारण हत्या की वास्तविक तारीख और समय की पुष्टि नहीं हो पाई है।

इसी बीच घर में दोबारा किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर अपनी पत्नियों की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों शवों को एंबुलेंस में लादकर सिमडेगा थाना क्षेत्र के वीरू जंगल ले गए और वहां जंगल में दफना दिया।

मंगलवार की शाम दोनों आरोपी अपने सात वर्षीय बच्चे के साथ गुमला थाना पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने दोनों से कड़ाई से पूछताछ की तो कथित तौर पर उन्होंने हत्या और शवों को जंगल में दफनाने की बात स्वीकार कर ली।

इसके बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एंबुलेंस को जब्त कर लिया और थाना ले आई। मामले में पुलिस ने कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है।

मंगलवार की रात पुलिस की टीम आरोपियों की निशानदेही पर वीरू जंगल पहुंची और शवों की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद दोनों शव बरामद नहीं हो सके। इसके बाद बुधवार की सुबह शवों की तलाश के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई। पुलिस टीम दोबारा वीरू जंगल पहुंचकर शवों की तलाश में जुट गई है।

दो महिलाओं की हत्या और शवों को जंगल में दफनाने की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस शवों की बरामदगी, हत्या के समय और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। शव बरामद होने और पोस्टमार्टम के बाद ही मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।