मवेशी तस्करों के समर्थकों ने पुलिस को घेर किया पथराव
संवाद सूत्ररायडीह (गुमला) जशपुर व रायडीह के बार्डर पर स्थित साईटांगर गांव में रविवार
संवाद सूत्र,रायडीह (गुमला) : जशपुर व रायडीह के बार्डर पर स्थित साईटांगर गांव में रविवार की रात करीब नौ बजे मवेशी तस्करों के समर्थकों ने रायडीह पुलिस की जीप को घेर कर पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस की जीप क्षतिग्रस्त हो गई। रायडीह पुलिस ने लोदाम चौकी प्रभारी को फोन कर मदद मांगी लेकिन रायडीह पुलिस की मदद करने के लिए लोदाम पुलिस नहीं पहुंची। किसी तरह रायडीह पुलिस मौके से वापस लौटी। रायडीह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला के लोदाम थाना के साईटांगर टोली से गुमला की ओर एक पिकअप वैन में गोवंशीय मवेशियों को ठूंसकर ले जाया जा रहा है। उस वक्त स्वयं थाना प्रभारी दोनों राज्य के बॉर्डर स्थित मांझा टोली में गश्ती में थे। इसी बीच सफेद रंग की पिकअप वैन तेजी से पार हुई। पुलिस ने तुरंत वैन का पीछा शुरू किया। इसपर तस्कर रायडीह के एक पेट्रोल पंप में घुसकर पीछे मुड़ गए। रायडीह थाना पुलिस भी पीछा करते-करते शंख नदी पार साईटांगर टोली पहुंच गई। यहां तस्करों ने अपने समर्थकों को पहले ही फोन कर एकत्रित कर लिया था। सड़क पर महिलाओं का और लड़कों की भीड़ जमा थी। उन्होंने मवेशी लदे पिकअप वैन को भागने दिया। तस्करों ने गांव में गाड़ी से पशुओं उतार दिया। इधर रायडीह थाना पुलिस को महिलाओं ने घेर लिया और अभद्र व्यवहार करने लगीं। इधर युवकों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया। थाना प्रभारी नीतीश कुमार लोदाम चौकी प्रभारी को घटनास्थल पर आने के लिए लगातार कहते रहे, लेकिन वे नहीं आए। इसके बाद लोगों के विरोध के बीच किसी तरह रायडीह पुलिस वापस थाना लौट आई। मामले में गुमला एसपी से चैनपुर एसडीपीओ को जांच का आदेश दिया है।