फौजी की पत्नी से अवैध संबंध में गई भाजपा नेता की जान
गुमला : गुमला भाजयुमो मंडल के अध्यक्ष विक्की साहू हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। श
गुमला : गुमला भाजयुमो मंडल के अध्यक्ष विक्की साहू हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। शनिवार की आधी रात में उनकी हत्या की गई थी। आरक्षी अधीक्षक अंशुमान कुमार ने मंगलवार के दोपहर गुमला थाना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विक्की साहू का अवैध संबंध अपनी ही गांव के सुखदेव साहू उर्फ सुमन भगत की पत्नी के साथ था। इस बात की जानकारी मिलने पर सुमन आगबबूला हो गया। वह तीन दिनों से विक्की साहू की रेकी कर रहा था। शनिवार की रात में अकेला पाकर अपने लाइसेंसी हथियार से उसकी हत्या कर दी और गुस्सा उतारने के लिए दौली से उसके शरीर पर तब तक प्रहार करता रहा जब तक उसे विश्वास नहीं हो गया कि विक्की की मौत हो गई है। हत्या को अंजाम देने में राजकेश्वर साहू उर्फ राजू साहू तथा शिव प्रसाद साहू ने भी उसे सहयोग किया। इसलिए उन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि फौजी सुमन भगत ने राजकेश्वर से विक्की की हत्या करने की चर्चा की थी और शिव प्रसाद साहू को भी घटना की जानकारी थी। अगर इन लोगों ने पुलिस को सूचना दी होती, तो हत्या की घटना को टाला जा सकता था। एसपी ने बताया कि घटना के दिन विक्की साहू जुआ खेलने गया था। जुआ के अड्डे पर राजकेश्वर साहू भी था। जब विक्की जुआ के अड्डे से घर के लिए चला था तब राजकेश्वर ने सुमन भगत को जानकारी दी। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर राजकेश्वर और शिवप्रसाद साहू भी छिपकर खड़े थे। इस मौके पर डीएसपी मुख्यालय इंद्रमणि चौधरी, थाना प्रभारी राकेश कुमार आदि मौजूद थे।