शादी से किया इन्कार तो प्रेमिका ने प्रेमी की करवा दी हत्या Gumla News
Jharkhand. गुमला के भरनो में एक युवती ने शादी से इन्कार करने पर शादीशुदा युवक की अपने जीजा और एक अन्य रिश्तेदार के द्वारा हत्या करवा दी।
भरनो (गुुमला), जासं। भरनो थाना क्षेत्र के डोम्बा गांव निवासी सुरेश उरांव की हत्या का आरोपी लापुंग थाना क्षेत्र के चल्हा गांव निवासी रोहित तिर्की उर्फ गंदुर तिर्की और मृतक की प्रेमिका ललिता कुमारी को भरनो पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना का एक और आरोपी महडु तिर्की फरार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बीते 23 अप्रैल को भरनो थाना क्षेत्र के अमलीया, रायकेरा जंगल से पुलिस ने एक शव बरामद किया था। शव पर 40 बार चाकू गोदने के निशान पाए गए थे।
इसकी पहचान डोम्बा गांव निवासी सुरेश उरांव के रूप में की गई थी। मृतक की पत्नी करमिला उरांव ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ भरनो थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। इसके बाद थाना प्रभारी विष्णुदेव चौधरी केस दर्ज कर इस मामले के अनुसंधान में जुट गए थे। बुधवार की रात को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी की।
पुलिस ने रोहित को सिसई के पिलखिमोड से और ललिता को भरनो से गिरफ्तार किया। इसके बाद गुरुवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को इंस्पेक्टर बैजू उरांव और थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी ने भरनो थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर हत्या के मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक सुरेश उरांव का हत्या की साजिशकर्ता ललिता कुमारी से 3 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
आरोपी ललिता ने सुरेश पर कई बार शादी करने के लिए दबाव बनाया, परंतु मृतक सुरेश शादी से टालमटोल करता रहा। सुरेश पहले से ही शादीशुदा था। यह जानते हुए भी ललिता उससे शादी करने के लिए तैयार थी। शादी से टालमटोल करने के कारण ललिता ने सुरेश की हत्या की साजिश रच डाली। इसके बाद ललिता के जीजा रोहित तिर्की, जीजा का मौसेरा भाई महडु तिर्की और ललिता ने सुरेश की हत्या का प्लान बनाया। 22 अप्रैल को ललिता ने सुरेश को फोन कर बेड़ो थाना क्षेत्र के जोभी टोली गांव स्थित अपने घर बुलाई।
इसके बाद दोनों आरोपी सुरेश को उसी के बाइक में बैठाकर सिंगारसराय के रास्ते भरनो के बांधडीपा होते हुए अमलीया रायकेरा जंगल ले गए। यहां उसकी बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी। भरनो पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपियों के पास से मृतक का बाइक, मोबाइल सेट, हत्या में उपयोग किए गए गुप्ती (देहाती चाकू), आरोपी रोहित का अपना दो मोबाइल, ललिता का मोबाइल बरामद किया है। इन आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले टीम में इंस्पेक्टर बैजू उरांव, भरनो थाना प्रभारी विष्णुदेव चौधरी, सिसई थाना प्रभारी सुधीर कुमार साहू, भरनो थाना के एएसआइ एतवा उरांव और सशस्त्र बल शामिल थे।