माली में वृद्ध की गला रेतकर हत्या
डुमरिया : मुफस्सिल थाना क्षेत्र की अमलो पंचायत के माली गांव में शनिवार की रात्रि महाप्रसाद मंड
डुमरिया : मुफस्सिल थाना क्षेत्र की अमलो पंचायत के माली गांव में शनिवार की रात्रि महाप्रसाद मंडल (62) नामक किसान की हत्या तेज धारदार हथियार से गला रेतकर कर दी गई। इस संबंध में मृतक के बड़े पुत्र बबलू मंडल ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। बबलू मंडल ने पुलिस को बताया कि पिताजी शुक्रवार रात आठ बजे के करीब घर में खाना खाने के बाद गांव के पूरब दिशा में स्थित बहियार में मकई की फसल के पटवन के लिए गए थे। रात में अपनी पानी मशीन वाली झोपड़ी में मच्छरदानी लगा कर सो गए। इसी दौरान किसी ने तेज धारदार हथियार से उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह शौच के लिए निकले परिजनों ने दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार वर्णवाल, एसडीपीओ रविकांत भूषण, मुफस्सिल थाना प्रभारी उमेश कुमार मोदी सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जांच-पड़ताल की। महाप्रसाद मंडल के बड़े बेटे बबलू मंडल तथा छोटे बेटे रास बिहारी मंडल से भी पूछताछ की। दोनों ने पिता के किसी से गांव में आपसी पुरानी दुश्मनी होने की बात से इन्कार किया। हालांकि बबलू मंडल ने बताया कि पिछले सप्ताह मां सरस्वती की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान उनकी कुछ युवकों से हाथापाई हुई थी। मृतक की पत्नी वृंदा देवी का रो-रोकर बुरा हाल : घटना के बाद मृतक की पत्नी वृंदा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस कर्मी को देखते ही बार-बार एक ही बात को दोहरा रही थी की बेटा का बचाए दा गांव के लोगे मिली का मारी देतो. बस इतना कहकर फिर से बेहोश हो जा रही थी। वहीं मृतक के बेटे बबलू मंडल ने बताया कि गांव में उसे सरस्वती जी की मूर्ति बिठाया था। जबकि मध्य विद्यालय माली परिसर में गांव के अन्य युवकों ने मूर्ति स्थापित की थी। विसर्जन के दौरान सोमवार को दूसरे गुट की मूर्ति उनके दरवाजे तक पहुंची थी। उनके एक सदस्य के साथ दूसरे टीम के लड़के ने बदसलूकी की थी। बाद में बात बढ़ गई थी और उनके अन्य लोगों के साथ हाथापाई भी हुई थी। वहीं महा प्रसाद मंडल के हम उम्र चचेरे भाई अंतू मंडल तथा ग्रामीण सरयू मंडल की मानें तो महा प्रसाद मंडल काफी सरल स्वभाव के मिलनसार व्यक्ति थे जिनका आज तक किसी से भी कोई भी झगड़ा झंझट नहीं था। उन लोगों ने भी बस सरस्वती पूजा की घटना की बात कही। कहा कि ऐसी उम्मीद नहीं थी कि छोटी की बात इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे देगा। हालांकि समाचार लिखे जाने तक घटना में किसी नामजद के विरुद्ध एफआइआर दर्ज नहीं की गई थी।