सड़क पार कर रही बच्ची को बोलेरो ने रौंदा
ठाकुरगंगटी ( गोड्डा) : ठाकुरगंगटी-मेहरमा मुख्य मार्ग पर शनिवार को चपरी ग्राम में बोलेर
ठाकुरगंगटी ( गोड्डा) : ठाकुरगंगटी-मेहरमा मुख्य मार्ग पर शनिवार को चपरी ग्राम में बोलेरो की चपेट में आने से चार वर्षीया निक्की कुमारी की मौत हो गई। बोलेरो चालक संतोष यादव गाड़ी लेकर भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शी विनोद साह ने बताया कि गाड़ी पर संतोष यादव व संजीव कुमार यादव कहीं से आ रहे थे। तमाशाचक गांव के श्रीमत सोरेन वाहन मालिक बताए गए। बोलेरो देवघर चौक से मेहरमा की ओर जा रही थी। रेखा देवी अपने बच्ची निक्की समेत तीनों बच्चों के साथ आटो से कहीं गई थी। ऑटो से उतरने के बाद बच्ची सड़क पार कर रही थी तभी तेज गति से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गई।
आक्रोश में ग्रामीणों ने शव रखकर ठाकुरगंगटी-मेहरमा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। कुरपट्टी मोड़ से मदनचौकी मार्ग को भी जाम कर दिया। सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी मनोज कुमार, थाना प्रभारी प्रेमचंद भगत, सहायक तुफैल खान पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को काफी समझाया। ग्रामीण चालक को अविलंब गिरफ्तार करने व उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
--------
बहन में अकेली थी
मृतका बच्ची की मां रेखा देवी पिता अनूपलाल साह समेत सभी परिजन व परिवार के सभी सदस्य का रो रो कर बुरा हाल है। अनूपलाल साह के दो पुत्र हैं एक मात्र लड़की हादसे की शिकार हो गई। मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष प्रफुल्ल महतो, सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र यादव, आभा देवी, मुकेश आर्य, विजय साह आदि ने पीड़ितों को काफी समझाया-बुझाया। दोपहर दो बजे के करीब सीओ ने दस हजार रुपए नकद मृतका के परिजनों को दिया। कहा कि परिवहन विभाग की ओर से 25 हजार रुपया दिया जाएगा। इसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया गया।
--------------------
पथरगामा में दो वाहनों की टक्कर, महिला की मौत
संवाद सहयोगी, पथरगामा : पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम के समीप शुक्रवार की देर रात गोड्डा की ओर से आ रहे ऑटो एवं पथरगामा की ओर से जा रही सवारी गाड़ी के बीच भिड़ंत हो गई। इसमें पैतरी देवी नामक 47 वर्षीया महिला की मौत हो गई। महिला पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के बांसमुढ़ी की रहनेवाली थी। वह अपनी बहन के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए योगिनी मंदिर जा रही थी। आटो पर सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे। बताया जाता है कि सवारी गाड़ी पर डीजे लदा हुआ था। उसके पीछे का भाग काफी बाहर निकला हुआ था। गांधीग्राम के समीप दोनों ने एक-दूसरे से साइड लिया। इसी बीच डीजे के पिछले भाग ने आटो में धक्का मार दिया। इससे आटो में सवार गिर गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि किसी भी समारोह में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया जाए अन्यथा इसी प्रकार की दुर्घटना हमेशा होती रहेगी।