ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम सहित महिला जख्मी
पथरगामा थाना क्षेत्र की महेशलिट्टी पंचायत अंतर्गत गंधर्वपुर गांव में ट्रैक्टर के धक्के से एक वष
पथरगामा : थाना क्षेत्र की महेशलिट्टी पंचायत अंतर्गत गंधर्वपुर गांव में ट्रैक्टर के धक्के से एक वर्षीय मासूम सहित 30 वर्षीया महिला बुरी तरह घायल हो गई। घायल महिला सुनैना देवी और एक साल के बच्चे को उसके परिजनों ने पथरगामा अस्पताल लाया। चिकित्सक डॉ रोहित रंजन एवं डॉ पीयूष कुमार ने प्राथमिक इलाज किया। चिकित्सक ने बताया कि घायल सुनैना को सिर पर गंभीर चोट लगी है। वहीं एक साल के बच्चे को हल्की चोट है। मिली जानकारी के अनुसार सुनैना देवी गंधर्वपुर में अपने घर के बाहर दरवाजे पर बच्चे को गोद में लिए खड़ी थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर तेज गति से आते हुए घर के दरवाजे के करीब से गुजरा जिस क्रम में महिला ट्रैक्टर की चपेट मे आ गई। ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह वहीं पर गोद में बच्चे लिए गिरकर बेहोश हो गई। धक्का मारने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। यहां आए दिन ट्रैक्टर की टक्कर से हादसे होते रहते है। ट्रैक्टर की गति पर लगाम नहीं लगने से लोग यहां असुरक्षित हैं। कई नाबालिग चालक भी ट्रैक्टर को चला रहे हैं। जिनके पास ना तो लाइसेंस होता है और ना ही गाड़ी चलाने का कोई अनुभव होता है। ऐसे ट्रैक्टर चालक पर पाबंदी लगाने की जरूरत है। कई बार प्रखंड प्रशासन के सामने से नाबालिग चालक ट्रैक्टर चलाते नजर आते हैं। इसके बावजूद प्रखंड प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, इससे ग्रामीणों में रोष है।