विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रडीह-जमुआ में 4 फीट पानी जमने से ठप हुआ आवागमन, प्रदीप यादव ने सीएम को सौंपा पत्र; ROB बनाने की मांग

Published: Fri, 18 Sep 2026 08:20 AM (IST)

गोड्डा में पैरडीह-जमुआ रेल अंडरपास में जलजमाव से आवागमन बाधित होने पर सीएलपी लीडर प्रदीप यादव ने सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर आरओबी बनाने की मांग की है।

प्रदीप यादव ने सीएम को सौंपा पत्र

प्रदीप यादव ने सीएम को सौंपा पत्र

HighLights

  1. पैरडीह-जमुआ अंडरपास में जलजमाव से आवागमन दो माह से बाधित।

  2. प्रदीप यादव ने सीएम से रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने की मांग की।

  3. डांडै पावर सब-स्टेशन को मोहानी गांव में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया।

जागरण संवाददाता, गोड्डा। गोड्डा- हंसडीह रेलखंड में सदर प्रखंड के पैरडीह -जमुआ में जल जमाव से बड़ी आबादी को निजात दिलाने के लिए रेल अंडर पास की जगह रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) बनाने की मांग तेज हो गई है। सीएलपी लीडर प्रदीप यादव ने गुरुवार को सीएम हेमंत सोरेन को उक्त मांग से संबंधित पत्र सौंपा। 

पत्र में बताया गया है कि पैरडीह-जमुआ में रेलवे की ओर से ग्रामीणों के आवागमन के लिए अंडरपास बनाया गया है, जहां इन दिनों बरसात में तीन से चार फीट पानी जमा रहता है। बीते दो माह से आसपास के दर्जनों गांवों के बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। इस मुद्दे पर ग्रामीणों की ओर से लगातार आंदोलन भी किया जा रहा है। 

रेल अंडरपास की जगह रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने का सुझाव 

बीते दिनों युवा कांग्रेस ने जलजमाव वाले स्थान पर प्रदर्शन कर विरोध जताया था। हजारों ग्रामीणों की ओर से स्थानीय प्रशासन सहित रेलवे के अधिकारियों को भी जनावेदन सौंप कर समस्या के निदान की मांग की है। 

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल जांच कर वहां रेल अंडरपास की जगह रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने का सुझाव भी दिया है। बावजूद इसके रेलवे की ओर से इस दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है। इससे लोगों में काफी रोष है। वहां जनता अब आंदोलन के लिए गोलबंद हो रही है। लिहाजा इस दिशा में राज्य सरकार को ही पहल कर समस्या का समाधान कराना होगा। सीएलपी लीडर ने सीएम को पूरे मामले से अवगत कराकर त्वरित कदम उठाने का आग्रह किया है।

पावर सब स्टेशन के स्थल चयन में परिवर्तन की मांग

जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड से 13 किमी दूर डांडै गांव में बिजली संकट वर्षों से व्याप्त है। इससे निजात दिलाने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) की ओर से डांडै गांव में पावर सब स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए डांडै गांव में ही स्थल चयन किया गया है लेकिन पर्याप्त जमीन नहीं होने से निर्माण कार्य बाधित है। 

इसके निदान के लिए पोड़ैयाहाट विधायक सह सीएलपी लीडर प्रदीप यादव ने जेबीवीएनएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर सुझाव दिया है। पत्र में कहा है कि डांडै पावर बस स्टेशन का निर्माण वहां से एक किमी की दूरी पर अवस्थित मोहानी गांव उपयुक्त है। वहां पावर सब स्टेशन के लिए पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है। यहां पावर सब स्टेशन का निर्माण होने से समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने डांडै स्थल का परिर्वतन करते हुए पावर सब स्टेशन का निर्माण मोहानी गांव में कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- गोड्डा को मिलेंगी लंबी दूरी की ट्रेनें, बेंगलुरू और पुणे तक सीधी कनेक्टिविटी; कोचिंग डिपो से बदलेगी सूरत