Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    बढ़ती जनसंख्या से प्राकृतिक संसाधनों का दोहन

    By JagranEdited By:
    Updated: Fri, 10 Jul 2020 06:41 PM (IST)

    बढ़ती जनसंख्या से प्राकृतिक संसाधनों का हो रहा अत्याधिक दोहन

    बढ़ती जनसंख्या से प्राकृतिक संसाधनों का दोहन

    गोड्डा : बढ़ती जनसंख्या से परिस्थितियां प्रतिकूल हो रही है। प्रतिवर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। मकसद लोगों को जनसंख्या वृद्धि से हो रहे परेशानी से अवगत कराना होता है। जिले में भी हाल के दशक में जनसंख्या वृद्धि तेजी से हुई है जिसका असर संसाधन के साथ विकास पर पड़ रहा है। बेरोजगारी बढ़ रही है। बढ़ती जनसंख्या के कारण प्रति व्यक्ति कृषि जोत कम हो रही है। मौजूदा समय में सांख्यिकी विभाग के आकलन के अनुमान जिले की जनसंख्या 15 लाख के पार हो चुकी है। बढ़ती जनसंख्या अब लोगों के जीवन में कई तरह की समस्या उत्पन्न कर रही है। इसके कारण प्राकृतिक संसाधनों का अत्याधिक दोहन हो रहा है, पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है। नियंत्रित जनसंख्या से जहां विकास की गति तेज होती है, वहीं पर्यावरण संरक्षित रहने के साथ ही लोगों की जरूरतें पूरी होने में परेशानी नहीं होती है। लेकिन वर्तमान स्थिति इसके विपरित है। जमीन नहीं बढ़ रही है लेकिन जनसंख्या में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। प्रौद्योगिकी ने मानव को पृथ्वी पर जीवित रहने व आगे बढ़ने में मदद की है। इसमें पर्यावरण ने भी फलने फूलने का साधन दिया है। दूसरी ओर प्रौद्योगिकी के गलत उपयोग से वन्य जीवन नष्ट हो रहे हैं। वहीं संसाधनों का दोहन बढ़ रहा है। जानकार मानते है अगर समय रहते जनसंख्या नियंत्रण नहीं हुआ तो गंभीर समस्या लोगों को झेलनी पड़ेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ---------------------

    जनसंख्या वृद्धि से लोगों की दैनिक दिनचर्या हो रही प्रभावित गोड्डा जिले में पिछले दो से तीन दशक से जनसंख्या वृद्धि का दुष्प्रभाव साफ देखा जा सकता है। शहरी आबादी तेजी से बढ़ी है। लोगों की जरूरत को पूरी करने के लिए निर्माण कार्य तेज हुए हैं। इसके कारण कई तरह की समस्या हो रही है। जल, जंगल, जमीन घटती जा रही है। नदी से बालू का दोहन हो रहा है। तीन दशक पूर्व गोड्डा शहर में कभी जाम की स्थिति नहीं रहती थी लेकिन बढ़ती जनसंख्या कारण लोग दो पहिया से लेकर बड़े वाहनों की बाढ़ आई है। शहर में इससे जाम की समस्या बढ़ी है। वहीं सड़क दुर्घटना में भी वृद्धि हुई है। शहर में 2009 से नो इंट्री व्यवस्था लागू की गयी। जबकि 2000 के आसपास कम आबादी व वाहन के कारण ऐसी स्थिति नहीं थी इसके कारण वायू प्रदूषण बढ़ते जा रहे है। जल प्रदूषण की भी समस्या है। लोगों की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है। जलसंकट से पूरा जनमानस जूझ रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। आबादी के हिसाब से सड़क, भवन सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में वृद्धि हुई है। पेड़ काटे जा रहे हैं साथ ही प्रति व्यक्ति कृषि भूमि कम हो रही है। जानकार मानते है कि सामाजिक असमानता के कारण आने वाले दिनों में समस्याएं गहराएगी। ऐसे में समय रहते जनसंख्या नियंत्रण पर अंकुश लगाना समय की मांग है।

    ------------------

    जनसंख्या वृद्धि के कारण पर्यावरण पर प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है। इसके कारण जंगल पर आबादी का अधिक बोझ बढ़ा है। जैव विविधता को बनाए रखने के लिए जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण जरूरी है। वन अधिकार अधिनियम की समीक्षा होनी चाहिए। यह पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जरूरी है। लोगों की जरूरत पूरी करने के लिए प्राकृतिक संसाधन का दोहन कम से कम हो। इसके साथ ही सरकार को चाहिए कि जनसंख्या वृद्धि का पर्यावरण पर कितना कुप्रभाव पड़ रहा है या पड़ने वाला है इस पर भारत सरकार समय समय पर समीक्षा करे। -राम भरत, सेवानिवृत वन संरक्षण, गोड्डा।

    ----------

    जनसंख्या पर नियंत्रण जरूरी है लेकिन प्राकृतिक तरीके से नियंत्रण होने चाहिए ताकि कोई दुष्प्रभाव न हो। बढ़ती जनसंख्या से कई समस्या आ रही है जमीन नहीं बढ़ रहे है प्राकृतिक संसाधन का दोहन हो रहा है सरकार को चाहिए इसके लिए योजना बनना चाहिए इसके साथ ही बेरोजगारों के लिए भी योजना बनाकर उसे रोजगार बनना चाहिए। - रतन महतो, सेवा निवृत्त मौसम वैज्ञानिक।

    -------------------

    गोड्डा जिला एक नजर में

    जणगणना-2011 में

    गोड्डा की कुल आबादी-13,13551

    पुरूष जनसंख्या-677927

    महिला जनसंख्या-635624

    गोड्डा की ग्रामीण आबादी-1249132

    गोड्डा की शहरी आबादी-64419

    सबसे अधिक आबादी वाला प्रखंड गोड्डा

    कुल आबादी-270255(शहरी व ग्रामीण सहित)

    सबसे कम आबादी वाला प्रखंड सुंदरपहाड़ी

    कुल आबादी-65453

    कुल जनसंख्या घनत्व-622 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर

    राज्य की कुल जनसंख्या का प्रतिशत-3.98

    दशकीय वृद्धि-2001-2011-25.14

    लिगानुपात- 938