परिजनों के चित्कार से गमगीन हुआ मेहरमा
मेहरमा : शुक्रवार की रात घोरीचक-बोआरीजोर मार्ग पर सड़क हादसे में मारे गए विकास भगत
मेहरमा : शुक्रवार की रात घोरीचक-बोआरीजोर मार्ग पर सड़क हादसे में मारे गए विकास भगत का शव पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर उसके मेहरमा स्थित आवास पर लाया गया। शव देखने के लिए वहां भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन शव से लिपटकर दहाड़ मार कर रोने लगे। इससे वहां उपस्थित हर किसी की आंखें नम हो गई। मां-पिता, पत्नी, भाई-बहन सहित अन्य लोगों का रो रोकर बुरा हाल था। वहां उपस्थित हर किसी की आंखें नम हो गई। बता दें कि घोरीचक-बोआरीजोर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम अज्ञात वाहन के धक्के से स्कूटी सवार विकास सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गया था। सुनसान जगह रहने के कारण
कुछ देर बाद मार्ग होकर पैदल गुजर रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद घटना की सूचना बोआरीजोर पुलिस को दी गई। सूचना पर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर विकास को बोआरीजोर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात अंत्यपरीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। सड़क हादसे में विकास भगत की मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। घटना से हर कोई मर्माहत है। विकास के पड़ोसी, मित्र व अन्य ने बताया कि वह काफी मेहनती तथा सरल स्वभाव का था। वह क्रिकेट का भी शौकीन था। ककरीब दो वर्ष पूर्व महागामा में उसकी शादी हुई थी। करीब डेढ़ माह का उसे एक बेटा है। विकास की मौत से हर कोई दुखी है। सांत्वना देने के लिए घर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।