जल संरक्षण की राह दिखा रही देवीपुर पंचायत
देवीपुर पंचायत के गांवों में तीन साल में किसानों को सिचाई के लिए 19 तालाबों का निर्माण कराया गया है। पिछले साल 10 डोभा का निर्माण बनाय गया था।
जासं, गोड्डा : बोआरीजोर प्रखंड की देवीपुर पंचायत में सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, सिचाई योजना से गांव की स्थिति सुधर रही है और स्मार्ट क्लास के जरिये बच्चे शिक्षित हो रहे हैं। मगर, सबसे अहम बात यह है कि देवीपुर जल संरक्षण के मामले में प्रखंड की मॉडल पंचायत बन रही है। इससे संबंधित योजनाओं से पंचायत के ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं।
देवीपुर पंचायत के गांवों में तीन साल में किसानों को सिचाई के लिए 19 तालाबों का निर्माण कराया गया है। पिछले साल 10 डोभा का निर्माण बनाय गया था। पंचायत में कुल डोभा की संख्या 72 है। पटवन के लिए कुल 19 सिचाई कूप भी उपलब्ध है। देवीपुर में जल संरक्षण के लिए जगह जगह सोख्ता का भी निर्माण किया गया है।
पहले इस गांव में पानी की धोर किल्लत थी। ग्रामीणों का कहना है कि नलकूप व डोभा बनने से इस वर्ष कम बारिश होने के बावजूद खेतों की सिचाई कर पा रहे हैं। डोभा में मछली पालन कर इससे लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
तीन वर्ष में 1575 लोगों को जॉबकार्ड का वितरण किया गया है। कार्यशील जाब कार्ड धारियों की संख्या 733 है। इस पंचायत में चार आंगनबाड़ी केंद्र चल रहे हैं। अधिकतर लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है। शेष लोगों का नाम भी योजना की सूची में भेजा गया है। बारिश के मौसम में कई लोगों के घरों की दीवारें गिर जाती थी। अब ऐसी परिस्थिति नहीं है। घरों में शौचालय का निर्माण कराया गया है।
मंझली सोरेन एवं ताला बीटी बेसरा कहती हैं कि आवास योजना एवं शौचालय निर्माण का लाभ मिलने से बहुत सुविधा हुई है। पहले शौच के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब इससे मुक्ति मिली है। करीब 130 परिवार वाले आदिवासी व मुस्लिम बहुल गांव में करीब 16 चापानल है। देवीपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बेहतर तरीके से छात्र छात्राओं को शिक्षा दी जा रही है। हाल के दिनों में यहां ज्ञानोदय स्मार्ट क्लास शुरू हुई है। यहां बच्चों को कंप्यूटर की भी शिक्षा दी जा रही है।