गोड्डा मॉडल पूरे झारखंड में लागू होना उपलब्धि : सांसद
गोड्डा मॉडल पूरे झारखंड में लागू होना अहम उपलब्धि सांसद
गोड्डा : सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा है कि पूरे राज्य में गोड्डा ज्ञानोदय मॉडल को लागू किया जाना जिले की अहम उपलब्धि है। कहा कि इसकी शुरुआत उन्होंने वर्ष 2018 में करवाई थी। गोड्डा में अडानी पावर प्लांट का निर्माण शुरू होने के बाद कंपनी ने अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए सीएसआर मद से जिला प्रशासन को करीब 12 करोड़ रुपये मुहैया कराकर यहां ऑनलाइन क्लासेज शुरू करने के लिए संसाधन की व्यवस्था की। अडानी समूह के गौतम अडानी व उनकी पत्नी जो फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं, दोनों ने सीएसआर के तहत 12 करोड़ रुपये का सहयोग गोड्डा जिला प्रशासन को दिया। तत्कालीन केंद्रीय सचिव जीएस गंगवार और उपायुक्त गोड्डा किरण कुमार पासी ने इसे बांका जिले की तर्ज पर गोड्डा में लागू करने का प्रस्ताव दिया था।
जागरण से दूरभाष पर बात करते हुए सांसद ने कहा कि दूरदर्शन झारखंड पर ज्ञानोदय कार्यक्रम को चलाने का निर्णय सराहनीय है। कोरोना काल में यह अभियान कक्षा एक से 12वीं तक के विद्याíथयों के लिए बहुत लाभकारी होगा। गोड्डा में 2018 से प्रारंभ होकर राज्य स्तर पर ज्ञानोदय कार्यक्रम अब डीडी झारखंड प्रसारित होने पर सांसद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित जिला प्रशासन को बधाई दी है। कहा कि ज्ञानोदय कार्यक्रम के एमओयू में वे भी गवाह रहे हैं। कहा कि गोड्डा जिला ने पूरे राज्य के लिए मिसाल कायम किया है। यहां मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट भी बीते दो वर्ष से पूरे संताल में देवघर के बाद अव्वल रहा है।