सेमिनार में भाग लेने अमेरिका जाएगी विधायक दीपिका
महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह अमेरिका में दो से छह मार्च तक आयोजित होने वाले सेमिनार में भाग लेने जा रही हैं। यह क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। पहली बार झारखंड प्रदेश से महिला विधायक अमेरिका में होने वाले सेमिनार में भाग लेंगी। वहां नीतिगत निर्णय में महिलाओं की भूमिका विषयक सेमिनार में उन्हें आमंत्रित किया गया है।
जागरण संवाददाता, गोड्डा : महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह दो से छह मार्च तक अमेरिका में हो रहे सेमिनार में भाग लेंगी। कांग्रेस विधायक अमेरिका में वूमेंस पॉलिटिकल पावर नेगोसिएट स्पेस विषयक सेमिनार में अपना विचार रखेंगी। यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने उन्हें आमंत्रण पत्र भेजा है। अमेरिका के इंटरनेशनल विजिटर लीडरशिप प्रोग्राम के तहत यह सेमिनार हो रहा है। दीपिका ने बताया कि पहली बार झारखंड प्रदेश से किसी महिला विधायक को अमेरिका में होने वाले सेमिनार में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वह दो मार्च को अमेरिका के लिए रवाना होंगी।
सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में जानकारी देते हुए विधायक ने कहा कि पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव के कांग्रेस में शामिल करने का निर्णय आलाकमान का है। इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है। वह तो कांग्रेस की सिपाही है। महागामा में 300 बेड का अस्पताल, गोड्डा-पीरपैंती रेललाइन आदि उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कहा कि गोड्डा-पीरपैंती रेललाइन को लेकर परिवहन सचिव से भी बात हुई है। शीघ्र ही गोड्डा-महागामा के बीच कार्य शुरू होगा और महागामा से पीरपैंती तक रेललाइन घनी आबादी से होकर गुजरेगी। पुराने प्रस्ताव पर ही कार्य होगा। इसके लिए कोल इंडिया व मुख्यमंत्री से बातचीत हुई है। 300 बेड वाला अस्पताल उपयुक्त जगह पर बनाने की बात विधायक ने कही। कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ सुनिश्चित कराना है।