Godda में बदमाशों के हौसले बुलंद, हथियार के बल पर बसंतराय कॉलेज के प्राचार्य डा नजीरुद्दीन का अपहरण
गोड्डा जिले में बसंतराय स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद महाविद्यलय के प्राचार्य डा नजीरुद्दीन का गुरुवार की देर शाम करीब आठ बजे अपहरण कर लिया गया है। चार थानों की पुलिस प्राचार्य की सकुशल रिहाई के लिए छापेमारी कर रही है।
संवाद सहयोगी, बसंतराय (गोड्डा): झारखंड में गोड्डा जिले में बसंतराय स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद महाविद्यलय के प्राचार्य डा नजीरुद्दीन का गुरुवार की देर शाम करीब आठ बजे अपहरण कर लिया गया है।
कैसे हुआ अपहरण?
प्राचार्य का घर परसिया गांव में है। वे देर शाम भागलपुर से लौट रहे थे, तभी बसंतराय थाना क्षेत्र के सीमावर्ती कोरियाना चेकपोस्ट के निकट काले रंग की बलेनो कार में सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने प्राचार्य की स्कॉर्पियो को रोककर उन्हें हथियार के बल पर अगवा कर लिया।
प्राचार्य की गाड़ी के चालक अमन पासवान को अपहर्ताओं ने हल्ला नहीं करने की धमकी देकर गाड़ी सहित भाग जाने को कहा। अमन पासवान ने बताया कि सभी अपहर्ता हथियारों से लैस थे।
प्राचार्य को बेहोश कर किया किडनैप
कोरियाना चेकपोस्ट के बाद सभी अपराधी बलेनो कार में प्राचार्य को बेहोश करके ले भागे। इधर प्राचार्य के अपहरण की सूचना के बाद पुलिस की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है। बसंतराय क्षेत्र बिहार के भागलपुर और बांका जिले की सीमाओं से सटा हुआ है।
डा नजीरुद्दीन के अपहरण की सूचना मिलने पर उनके गांव परसिया सहित आसपास के ग्रामीणों ने बसंतराय थाना पहुंचकर हंगामा किया।
चार थानों की पुलिस कर रही छापेमारी
एसडीपीओ आनंद मोहन सिंह ने बताया कि बसंतराय कॉलेज के प्राचार्य डा नजीरुद्दीन को अगवा करने की सूचना मिली है। चार थानों की पुलिस प्राचार्य की सकुशल रिहाई के लिए छापेमारी कर रही है।
इसमें बसंतराय के अलावा पथरगामा, हनवारा और महागामा थाना शामिल हैं। ये सभी थानों की सीमाएं बिहार से जुड़ी हुई हैं। एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि बिहार के भागलपुर और बांका जिले की पुलिस से भी मदद ली जा रही है।