मिट्टी धंसी से कई महिलाएं जख्मी
थाना क्षेत्र के जननी कोला पंचायत अंतर्गत कुमरा कॉल गांव के करीब मिट्टी का चट्टान गिरने से करीब आधा दर्जन महिलाएं व बच्चे घायल हुए जिनमें एक की हालत काफी नाजुक है जिनका नाम सगुप्ता खातून है जिन्हें बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल गोड्डा ले जाया गया
संवाद सहयोगी, बसंतराय : थाना क्षेत्र की जमनीकोला पंचायत अंतर्गत कुम्हराकोल गांव के निकट मिट्टी की चाल धंसने से गुरुवार की दोपहर आधा दर्जन महिलाएं सहित कई बच्चे घायल हो गए। इसमें एक महिला शगुफ्ता खातून की स्थिति काफी नाजुक है। उसे बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल गोड्डा ले जाया गया है। जानकारी मिलने के बाद बसंतराय थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली।
बताया गया कि इस जगह पर बीते कई वर्षों से ग्रामीण अपने घरों की पोताई के लिए सुरंग से लाल मिट्टी की खुदाई कर ले जाते थे। गुरुवार को करीब आधा दर्जन महिलाएं सहित उतनी ही संख्या में बच्चे सुरंग में मिट्टी खोद रहे थे। तभी मिट्टी की चाल अचानक धंस गई। इसमें कई महिलाएं और बच्चे दब गए। हो हल्ला होने के बाद अगल-बगल के ग्रामीणों ने किसी तरह मलबा हटा कर महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला। इसमें से शगुफ्ता खातून 30 जो जमनीकोला गांव की है, की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। इसके साथ ही अन्य घायलों को उनके परिजन लेकर तत्काल निकल गए। हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी जानकारी स्थानीय लोग भी नहीं दे पा रहे हैं।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर जमनीकोला पंचायत की मुखिया बीनू मिश्रा ने बसंतराय के बीडीओ शेखर कुमार से तत्काल घटनास्थल पर जेसीबी भेज कर उसे समतल करने की मांग की। बाद में बीडीओ ने तत्काल जेसीबी मशीन को भेजकर सुरंग को समतल करने का आदेश दिया। इधर हादसे के बाद ग्रामीणों को आशंका थी कि सुरंग में कुछ और महिलाएं दबी हुई है। ग्रामीणों ने कुदाल से पूरे सुरंग खोद डाला लेकिन वहां कोई नहीं था।
--------------
कुम्हराकोल गांव के बाद लाल मिट्टी की खुदाई के लिए कुछ अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाएं और बच्चे सुरंग में फंस गए थे। ग्रामीणों ने तत्काल सबों को बचा लिया। एक महिला की स्थिति नाजुक हैं, उन्हें सदर अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है लेकिन घटनास्थल पर न तो स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी पुष्टि की और न ही घायल लोग भी सामने आए। तत्काल सुरंग को जेसीबी मशीन से समतल कर दिया जा रहा है।
- मुकेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी, बसंतराय।