Jharkhand News: गोड्डा में कांग्रेस विधायक ने सड़क पर गंदे पानी में किया स्नान, सांसद निशिकांत दुबे का ट्विटर पर पलटवार
Jharkhand News गोड्डा में महागामा की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ख़िलाफ़ धरने पर बैठीं हैं। उन्होंने सड़क पर भरे हुए गंदे पानी से स्नान कर अपना विरोध दर्ज कराया। सांसद निशिकांत दुबे ने मामले को लेकर ट्विटर पर पलटवार किया है।
गोड्डा, जागरण संवाददाता: सांसद निशिकांत दुबे ने मामले को लेकर ट्वीट कर कहा है कि महागामा की कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ख़िलाफ़ धरने पर बैठीं हैं। यह नेशनल हाइवे है जिसका रखरखाव राज्य पथ निर्माण विभाग करता है। इसका पैसा केन्द्र सरकार ने 75 करोड़ रुपए छह महीने पहले दे रखा है। राज्य सरकार का पथ निर्माण विभाग के मंत्री सीएम हैं। जाहिर है कि उनकी लापरवाही या विभाग की कमीशनखोरी के कारण यह नहीं बन पा रहा है। इसके पहले भी कांग्रेस विधायक ने महगामा दिग्घी पथ पर धनरोपनी कर विरोध जता चुकी है। कल ही उक्त पथ का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने किया है, जिसमें विधायक साथ थीं।
महगामा की कॉंग्रेस विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन @HemantSorenJMM जी के ख़िलाफ़ धरने पर बैठीं हैं,यह नेशनल हाइवे स्टेट पथ निर्माण विभाग रख रखाव करता है । इसका पैसा केन्द्र सरकार ने 75 करोड़ 6 महीने पहले दे रखा है@INCIndia pic.twitter.com/n01AwmEUNG
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) September 21, 2022
जनप्रतिनिधि जिम्मेदारी से भागे नहीं
गोड्डा विधायक अमित मंडल ने कहा कि दीपिका पांडेय सिंह जब विधायक नहीं थी तो गोड्डा शहर के सरकंडा के पास धनरोपनी कर विरोध जताई थीं। अब विधायक हैं और सरकार में भी हैं। फिर भी अपने एनएच में जलमग्न होकर स्नान कर अपना विरोध दर्ज कर रही हैं। जनप्रतिनिधि को अपनी जवाबदेही से भागना नहीं चाहिए।
इसके पीछे राजनीतिक सोच है। लोग विधायक पर दोषारोपण ना करे इस लिए यह ड्रामा किया गया। विधायक अमित मंडल ने कहा कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र की सड़कें 100 फीसद सही नहीं हो सकती है। जनप्रतिनिधि को ईमानदारी के साथ समस्याओं के समाधान में अपनी उर्जा लगानी चाहिए।
बहरहाल गोड्डा विस क्षेत्र में एनएच में छोटे-छोटे एक दो जगह गड्ढे हुए हैं उसको ठीक करने के लिए एनएच प्रशासन से कहा गया है। पांच साल तक मेरे विधानसभा अंतर्गत एनएच को संवेदक मेंटेन करेगा। तब तक आप सभी सुखद यात्रा का मजा लीजिए। सरकंडा से मिशन चौक का भी कार्य दिसंबर के बाद शुरू हो जाएगा।