विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में पशुपालकों को दिवाली-छठ की सौगात, गोड्डा में पशु आहार कारखाने को मंजूरी

Published: Wed, 28 Oct 2026 06:37 PM (IST)

गोड्डा जिले के गोविंदपुर में 51.49 करोड़ रुपये की लागत से पशु आहार कारखाना स्थापित करने की योजना को मंजूरी मिल गई है।

महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह। फोटो जागरण

महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह। फोटो जागरण

HighLights

  1. गोड्डा में 51.49 करोड़ का पशु आहार कारखाना स्वीकृत।

  2. प्रतिदिन 50 मीट्रिक टन उत्पादन क्षमता, बढ़ेगी दुग्ध उत्पादकता।

  3. पशुपालकों की आय बढ़ेगी, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती।

संवाद सहयोगी, महागामा (गोड्डा)। जिले के पशुपालकों को दिवाली और छठ के अवसर पर बड़ी सौगात मिली है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह के प्रयास से महागामा प्रखंड के गोविंदपुर में पशु आहार कारखाना स्थापित करने की योजना को मंजूरी मिल गई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को रांची में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में 51 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत वाली परियोजना को स्वीकृति दी गई।

प्रतिदिन 50 मीट्रिक टन होगा उत्पादन

झारखंड मिल्क फेडरेशन के माध्यम से बनने वाले कारखाने की शुरुआती उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 50 मीट्रिक टन होगी। आगे इसे बढ़ाकर 100 मीट्रिक टन प्रतिदिन करने की योजना है।

इसके लिए गोविंदपुर मौजा में 5.22 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में परियोजना पर 30 करोड़ रुपये खर्च करने की स्वीकृति प्रस्तावित है।

65 से 70 हजार दुधारू पशुओं को मिल सकता है लाभ

उपलब्ध पुराने आंकड़ों और पशुधन गणना के आधार पर जिले में दुधारू पशुओं की संख्या करीब 65 से 70 हजार होने का अनुमान है। गोड्डा का सालाना दूध उत्पादन करीब 1.5 लाख टन बताया जाता है।

कारखाने से स्थानीय स्तर पर संतुलित और गुणवत्तापूर्ण पशु आहार उपलब्ध होगा, जिससे पशुपालकों को खरीद में सहूलियत मिलेगी। पशुओं के पोषण और उत्पादकता में सुधार के साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

इससे पशुपालन की लागत नियंत्रित करने और पशुपालकों की आय बढ़ाने की संभावना है। परियोजना से क्षेत्र की पशुपालन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- KCC Loan : सीतामढ़ी में किसानों को मिली बड़ी राहत, बैंक ने राइट ऑफ किया 40 करोड़ का ऋण

यह भी पढ़ें- खाद में मिलावट की जांच पड़ी भारी, कटिहार में BDO की टीम पर हमला, 14 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी