घटिया निर्माण पर मुंशी को लगाई फटकार
मेहरमा : मेहरमा- पिरोजपुर बाइपास मार्ग में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 133 पर पिरोजपुर के निकट
मेहरमा : मेहरमा- पिरोजपुर बाइपास मार्ग में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 133 पर पिरोजपुर के निकट आरसीसी नाला निर्माण में व्यापक पैमाने पर आनियमितता बरतने की शिकायत पर शनिवार को राष्ट्रीय उच्च पथ के कनीय अभियंता अशोक कुमार साह ने योजना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितता का आरोप सही पाये जाने पर कार्य करा रहे ठेकेदार के मुंशी को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार की दिशा में जरूरी दिशा निर्देश दिया। कनीय अभियंता ने बताया कि नाला निर्माण में अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राक्कलन के अनुसार कार्य कराने का निर्देश दिया।
बता दें कि पथ निर्माण विभाग से स्वीकृत आईसीसी नाला का निर्माण राष्ट्रीय उच्च पथ विभाग द्वारा संवेदक के माध्यम से करीब 70 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है जिसमें व्यापक पैमाने पर अनियमितता बरती जा रही है। योजना स्थल पर ग्रामीणों को जानकारी से संबंधित सूचना पट भी नही लगाया गया है। इतना हीं नही संबंधित विभाग के कनीय अभियंता की अनुपस्थिति में ही पूरा काम हो रहा था। 5 दिसंबर को स्थानीय विधायक अशोक कुमार ने आरसीसी नाला का शिलान्यास किया था। ग्रामीणों ने विधायक से नाला निर्माण में अनियमितता की शिकायत की थी। उनकी ओर से सुधार की दिशा में कोई पहल नहीं कराने पर ग्रामीणों ने राष्ट्रीय उच्च पथ के कनीय अभियंता से फोन कर इसकी शिकायत की थी।