विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोड्डा में नशे में धुत पति बना हैवान, गड़ासे से हमला कर पत्नी को मार डाला; खौफनाक मंजर देख सहम गए पतोहू और पोते

By Anil Anand Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Fri, 08 May 2026 11:27 AM (IST)

Godda News: गोड्डा के मेहरमा में नशे में धुत 60 वर्षीय पति किशन दास ने मामूली विवाद में अपनी 55 ...और पढ़ें

घटना के बाद बिलखती महिलाएं और मामले की जानकारी जुटाती पुलिस। (फोटो : जागरण)

घटना के बाद बिलखती महिलाएं और मामले की जानकारी जुटाती पुलिस। (फोटो : जागरण)

HighLights

  1. नशे में धुत पति ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या की।

  2. मामूली विवाद में गोड्डा के मेहरमा में हुई वारदात।

  3. बच्चों के सामने हुई घटना, आरोपी पति फरार।

संवाद सहयोगी, जागरण, मेहरमा (गोड्डा)। झारखंड के गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड अंतर्गत सुरनी पंचायत के घासीचक गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। शराब के नशे में धुत 60 वर्षीय किशन दास ने मामूली विवाद में अपनी 55 वर्षीय पत्नी रूबी देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी।आरोपित पति ने गड़ासे से ताबड़तोड़ प्रहार कर रूबी देवी को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पति-पत्नी के बीच हमेशा होता था विवाद 

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गड़ासा समेत अन्य सामान जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद पति ने घटना को अंजाम दिया। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना मंगलवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।

बच्चों के सामने ही गड़ासे से किया हमला

बताया गया कि रूबी देवी अपने दो पोतों लव और कुश के साथ सो रही थीं। इसी दौरान आरोपित पति ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और दोनों बच्चों के सामने ही गड़ासे से हमला कर दिया। दादी पर हमला होते देख दोनों बच्चे जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जाग गए और थोड़ी ही देर में घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि तब तक आरोपित किशन दास मौके से फरार हो चुका था।

समय पर नहीं पहुंची पुलिस 

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद घायल महिला को आनन-फानन में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पंचायत के मुखिया मृत्युंजय सिंह भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि सरकारी एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण ऑटो से महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतका का एकमात्र पुत्र धर्मेंद्र दास दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता है। घर में उसके माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे रहते हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतका के स्वजनों को सांत्वना देने लोगों की भीड़ लगी हुई है।