बजरंगबली की प्रतिमा रखने पर परसा में विवाद
हनवारा : बजरंगबली की प्रतिमा रखने पर मंगलवार को थाना क्षेत्र के परसा गांव में दो समुदाय के ब
हनवारा : बजरंगबली की प्रतिमा रखने पर मंगलवार को थाना क्षेत्र के परसा गांव में दो समुदाय के बीच विवाद हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर हनवारा थाना प्रभारी सुशील कुमार झा दल बल के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। एक पक्ष के लोगों ने बताया कि ग्रामीणों के अनुरोध पर स्थानीय विधायक अशोक कुमार ने विधायक निधि से गांव में एक पंडाल बनवाया था। मुहल्ले के लोग उसका उपयोग बैठकी के रूप में करते थे। विगत कई वर्षों से वहां सरस्वती पूजा भी होती थी। मंगलवार को कुछ लोगों ने वहां बजरंगबली की प्रतिमा रख दी। इसका कुछ लोगों ने विरोध किया। उनका कहना था कि यह सार्वजनिक जगह है। इसमें आसपास के लोग बैठते हैं। इस जगह को छोड़ कर किसी दूसरी जगह प्रतिमा स्थापित की जाए।
उधर, दूसरे पक्ष का कहना था कि इस जगह हमलोग वर्षों से सरस्वती पूजा करते हैं। हमलोगों को बाकी पूजा करने के लिए दूसरी जगह जाना पड़ता है। इससे परेशानी होती है। इसे देखते हुए यहां बजरंगबली की प्रतिमा स्थापित की जा रही थी। हालांकि, विवाद के बाद प्रतिमा को पास के ही एक व्यक्ति के यहां रख दिया गया। थाना प्रभारी सुशील कुमार झा ने दोनों पक्षों को समझाते हुए कहा कि आपस में विवाद करने से कोई फायदा नहीं होगा। दोनों समुदाय के लोग आपस में बैठक करके जगह को चिन्हित कर लीजिए और वहां प्रतिमा स्थापित कीजिए। किसी के धर्म को चोट नहीं पहुंचाएं। प्रशासन की पहल पर विवाद को सुलझाया गया। मौके पर जलील मंसूरी, जहांगीर आलम, तमिजुद्दीन, भुट्टो, रामदेव, प्रमोद साह आदि उपस्थित थे।