Godda news बच्चा चोर की अफवाह में उन्मादी हिंसा का शिकार हुआ विक्षिप्त
बड़ीकल्याणी गांव के पास भीड़ ने कानून को हाथ में लिया। लगातार लोगों को जागरूक करने के बाद हो रही है घटनाएं। पिटाई से गंभीर हुआ विक्षिप्त कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी दर्जन भर लोगों की हुई पहचान कानूनी कार्रवाई की तैयारी।
जागरण संवाददाता, गोड्डा : मुफस्सिल थाना के बड़ी कल्याणी गांव के समीप शनिवार को बच्चा चोर की अफवाह में एक विक्षिप्त उन्मादी हिंसा का शिकार हो गया। गांव के लोगों द्वारा चारों तरफ से घेरकर विक्षिप्त कि की जा रही पिटाई को देख किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। जिसके बाद कल्याणी गांव पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से उक्त विक्षिप्त को मुक्त कराते हुए इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। पिटाई से बुरी तरह जख्मी युवक की पहचान पथरगांवा के चिलकारा निवासी 45 वर्षीय बलदेव दास के रूप किया गया है। वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है।
शनिवार को वह बड़ी कल्याणी गांव के पास भटक रहा था। उसकी हरकतों को देख गांव वालों बच्चा चोर समझ बैठा ताथ उसकी पिटाई शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों की पहचान की है। हालांकि, इसका खुलास अबतक नहीं किया गया है। थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस की कोशिश से जख्मी युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया गया है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
सभी इलाके में पुलिस चला रही है जागरूकता अभियान
बच्चा चोर की अफवाह के खिलाफ शनिवार को पुलिस ने सभी थाना इलाके में जागरूकता अभियान चलाया। जमीनी पहाड़पुर गांव में बच्चा चोरी की अफवाह से बचने की जानकारी देते हुए बताया गया कि लोग कानून का कतई हाथ में न लें। अगर इस तरह की जानकारी मिलती है तो पुलिस को जानकारी अवश्य दें। हिंसा करनेवालों को बख्सा नहीं जाएगा। राजाभिठ्ठा में भी कुछ इसी तरह जागरूकता अभियान चलाया गया।
हनवारा के हटिया चौक, मिल्की चौक एवं आस पास के गांवों में बच्चा चोरी की अपवाह के संबंध में लोगो को जागरूक किया गया, जबकि देवडांड़ में बच्चा चोरी की अफवाह के बारे में ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। बोआरीजोर थाना प्रभारी तपन पाणिग्रहि की अगुवाई में बच्चा चोरी की अफवाह के संबंध में गांव गांव में प्रचार-प्रसार किया गया। बच्चा चोर की अफवाह के संबंध माइकिंग के माध्यम से ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया गया।