रामनवमी पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कसी कमर
गोड्डा : जिले में चैती दुर्गा पूजा व रामनवमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पव
गोड्डा : जिले में चैती दुर्गा पूजा व रामनवमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पर्व को लेकर सभी थाना क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है। पर्व को लेकर राष्ट्रविरोधी व असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सछ्वावना के माहौल में पर्व संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों को कई निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में डीसी व एसपी ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि 24 से 27 मार्च तक पूजन समारोह व रामनवमी जुलूस का आयोजन होना है। इसके लिए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की जरूरत है। कहा कि पर्व को लेकर अफवाह फैलानेवालों, असामाजिक तत्वों व गड़बड़ी फैलानेवाले तत्वों पर धारा-107, 116 व 151 के तहत कार्रवाई करें। पर्व को लेकर 25 व 26 को शराब की दुकानें बंद रहेगी। इसके साथ ही अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किये गए हैं। दूसरी ओर चैती दुर्गा पूजा व रामनवमी को लेकर जिलेभर में 100 स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रतिनियुक्ति का आदेश 24 मार्च से प्रभावी होगी। समाहरणालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है जो 24 घंटे काम करेगा और जुलूस समापन तक रहेगा।
दो सुपरजोन बनाए गए : पर्व के दौरान बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए दोनों अनुमंडल को सुपर जोन बनाया गया है जिसके संपूर्ण प्रभार में संबंधित एसडीओ व एसडपीओ रहेंगे जबकि सभी थानों को जोन बनाया गया है। यहां अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। वहीं दूसरी ओर नगर थाना क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। यहां रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा के विसर्जन का विशाल जुलूस निकलता है। इसे लेकर भी प्रशासन ने पुख्ता व्यवस्था की है। पूरे शहर को तीन जोन में बांट कर दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। जोन एक में रौतारा चौक से हटिया चौक तक का इलाका आता है। सुंदरपहाड़ी अंचलाधिकारी यहां के प्रभार में रहेंगे। कारगिल चौक से हटिया गांधी नगर को जोन दो में रखा गया है। इसके प्रभार में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रहेंगे। जोन तीन में असनबनी से लेकर सरकंडा तक का इलाका रहेगा। यहां प्रभार में सदर अंचलाधिकारी रहेंगे।
जुलूस की होगी वीडियोग्राफी : शहर व गांव में निकलनेवाले जुलूस की पुलिस प्रशासन वीडियोग्राफी कराएगा। शहर में निकलने वाले जुलूस के मद्देनजर नगर परिषद के पदाधिकारी को सभी जगह सीसीटीवी कैमरा लगवाने के साथ-साथ वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही शहर सभी चौक-चौराहों पर विसर्जन के दौरान लाइट की व्यवस्था भी रहेगी। इसके लिए भी कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश जारी किए गए हैं।