डालसा ने 600 लोगों के बीच बांटे मास्क-सैनिटाइजर
संवाद सहयोगी गोड्डा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज के मार्गदर्शन पर
संवाद सहयोगी, गोड्डा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज के मार्गदर्शन पर जिले के मेहरमा, महागामा व पथरगामा प्रखंड के आदिवासी बहुल गांवों में जाकर लगभग 600 आदिवासी व अन्य समुदाय के बीच मास्क, सेनिटाइजर का वितरण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को कोविड रोधी टीका लगाने का आह्वान किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रभारी सचिव सह मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजय कुमार सिंह, बाल संरक्षण पदाधिकारी रीतेश कुमार, पीएलभी नवीन कुमार व बासुदेव मणीनंदन कुमार ने मेहरमा प्रखंड के माल प्रतापपुर, महागामा क्षेत्र के गोढि़या गांव के चौक पर आदिवासियों व मजदूरों के बीच मास्क वितरित किये। इसके बाद पथरगामा प्रखंड के खरबन्नी आदिवासी गांव में जाकर घर- घर घूमकर मास्क व सेनिटाइजर का वितरण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को टीकाकरण के संबंध में बताया गया। कहा कि कोविड का टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीका लेने से ही इस बीमारी से बचा जा सकता है। टीकाकरण के लिए पूरा प्रशासनिक महकमा लगा हुआ है। इसलिए नजदीकी केन्द्र पर जाकर टीका लेना नहीं भूलें। टीकाकरण के बाद भी अगर घर से निकलें तो मास्क का अवश्य उपयोग करें। मास्क बहुत जरुरी है यह महामारी से बचाव के लिए लाभदायक है। डालसा के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में आदिवासी पहाड़िया समुदाय के बीच मास्क व सेनिटाइजर का वितरण किया जा रहाहै एवं टीका लेने को लेकर प्रेरित किया जा रहा है। टीकाकरण के इस महा अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पीएलवी जिलास्तर पर जोरशोर से लगे हैं और इसका परिणाम देखने को मिल रहा है।