प्लास्टिक का साथ छोड़ें, झोला लेकर करें खरीदारी
पहली जुलाई से प्लास्टिक पर लगेगा प्रतिबंध
प्लास्टिक का साथ छोड़ें, झोला लेकर करें खरीदारी
जागरण संवाददाता, गोड्डा : सिंगल यूज पालीथिन और प्लास्टिक पर्यावरण के लिए घातक है। शहर में अब आम लोगों को बाजार में खरीदारी के लिए अपने घर से झोला लेकर निकलना होगा। उक्त बातें नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र मंडल ने कही। वे सोमवार को शहर में प्लास्टिक मुक्त अभियान को लेकर निकली जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि एक जुलाई से राज्य में सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंधित हो जाएगा। इसी के मद्देनजर नगर परिषद प्रशासन की ओर से नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र मंडल के नेतृत्व में शहर में जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली के माध्यम से स्थानीय दुकानदारों एवं निवासियों से प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने की अपील की। इस दौरान दुकानदारों और मौजूद लोगों को बताया गया कि एक जुलाई से प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा। प्लास्टिक के प्रयोग के वजह से बारिश में नालियां जाम होती है। इसलिए जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा वातावरण प्रदूषित हो रहा है। कभी कभार चौपाया पशु भी प्लास्टिक की थैली निगलकर जान गंवा बैठते हैं। प्लास्टिक पर प्रतिबंध को लेकर विभिन्न गली मोहल्लों में पोस्टर चिपकाए गए हैं। लोगों से निवेदन किया गया कि वे प्लास्टिक का प्रयोग बिल्कुल न करें। अन्यथा नगर परिषद प्रशासन सख्ती करने पर मजबूर हो जाएगा। इस दौरान नगर प्रबंधक मुर्तजा अंसारी, सिटी मिशन मैनेजर मनीष वर्मा, सीएलटीसी पप्पू कुमार महतो, चंदन कुमार झा, अनिरुद्ध पंडित, शहरी आजीविका मिशन की महिलाएं आदि शामिल थी।